गौतमबुद्धनगर: शराब के लिए पैसों को लेकर बेटे से हुआ विवाद, डंडे के वार से हुई मौत; डेढ़ महीने बाद पिता गिरफ्तार!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने अपने ही बेटे की गैर इरादतन हत्या के मामले में करीब डेढ़ महीने से फरार चल रहे आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बाँस का डंडा भी बरामद कर लिया है। आरोपी को लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से एक्सपोमार्ट से तुगलपुर जाने वाले मार्ग पर गंदे नाले की पुलिया के पास से दबोचा गया।
पुलिस के अनुसार, यह दर्दनाक घटना 20 और 21 जून 2026 की रात की है। शिकायतकर्ता महिला ने थाना नॉलेज पार्क में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया था कि उसका पति देवेन्द्र शराब के नशे में घर आया और बेटे करन से शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा। बेटे द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर दोनों के बीच कहासुनी और विवाद हो गया।
बताया गया कि अगले दिन तड़के करीब पांच बजे देवेन्द्र दोबारा घर पहुंचा और गुस्से में बेटे करन के सिर पर बाँस के डंडे से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल करन को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान 22 जून को उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस टीम लगातार उसकी लोकेशन और गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी।
थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने 24 जुलाई को लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी देवेन्द्र (47) निवासी ग्राम गडौली, थाना बिल्सी, जनपद बदायूं (वर्तमान निवासी ग्राम तुगलपुर, थाना नॉलेज पार्क, गौतमबुद्धनगर) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बाँस का डंडा भी बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने बेटे की मौत के इस सनसनीखेज मामले का सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया।।
