गौतमबुद्धनगर: न्यायिक व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर जोर: प्रशासनिक न्यायाधीश अजय भनोट ने किया गौतमबुद्धनगर जिला न्यायालय का निरीक्षण!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 24 जुलाई 2026। इलाहाबाद उच्च न्यायालय के माननीय न्यायमूर्ति एवं गौतमबुद्धनगर के प्रशासनिक न्यायाधीश अजय भनोट ने अपने तीन दिवसीय जनपद भ्रमण के पहले दिन शुक्रवार को जिला न्यायालय गौतमबुद्धनगर का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने न्यायिक कार्यप्रणाली, लंबित वादों के निस्तारण, न्यायालय की प्रशासनिक व्यवस्थाओं, अधिवक्ताओं के साथ समन्वय तथा न्यायिक सेवाओं की गुणवत्ता का गहनता से जायजा लिया और न्याय व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला न्यायालय पहुंचने पर माननीय प्रशासनिक न्यायाधीश का जिला एवं सत्र न्यायाधीश, पुलिस आयुक्त, जिलाधिकारी तथा जनपद के समस्त न्यायिक अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर भव्य स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने न्यायिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विभिन्न न्यायालयों में लंबित मामलों के समयबद्ध निस्तारण, न्यायिक गुणवत्ता, पारदर्शिता तथा न्यायिक सेवाओं को आमजन के लिए अधिक सुलभ बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि न्यायपालिका की कार्यप्रणाली में दक्षता, जवाबदेही और संवेदनशीलता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक न्यायाधीश ने न्यायिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक वाद का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे आम नागरिकों का न्याय व्यवस्था पर विश्वास और अधिक मजबूत हो।
इसके उपरांत गौतमबुद्धनगर बार एसोसिएशन की ओर से उनका सम्मान किया गया। इस अवसर पर अधिवक्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने न्यायपालिका और अधिवक्ताओं के बीच बेहतर समन्वय, न्यायिक मर्यादा, अनुशासन और पेशेवर मूल्यों के पालन पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि न्याय व्यवस्था की मजबूती न्यायाधीशों और अधिवक्ताओं के सामूहिक सहयोग से ही संभव है। इस दौरान उन्होंने बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से संवाद कर उनके सुझाव भी सुने।
माननीय न्यायमूर्ति अजय भनोट ने न्यायालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। इसके बाद उन्होंने न्यायालय परिसर का भ्रमण कर विभिन्न न्यायालयों, कार्यालयों एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। जनपद न्यायाधीश के कक्ष में न्यायिक अधिकारियों के साथ पुनः विचार-विमर्श किया तथा बैठक कक्ष में जिला न्यायालय के कर्मचारियों से संवाद करते हुए उनकी कार्यप्रणाली, उपलब्ध संसाधनों और न्यायालय के सुचारु संचालन से जुड़े विषयों पर आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
निरीक्षण के दौरान न्यायालय परिसर की आधारभूत सुविधाओं एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का भी विस्तार से अवलोकन किया गया। इस अवसर पर जनपद के न्यायिक अधिकारी, बार एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं सदस्य, जिला न्यायालय के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
प्रशासनिक न्यायाधीश के इस दौरे को न्यायिक व्यवस्था की गुणवत्ता में सुधार, लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण तथा न्यायालयों की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और जनहितकारी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।।
