रविवार, 26 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: भाकियू लोकशक्ति का संगठन विस्तार तेज, हरेन्द्र सिंह बने नोएडा महानगर अध्यक्ष; किसानों के हकों की लड़ाई को और धार देने का ऐलान!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: भाकियू लोकशक्ति का संगठन विस्तार तेज, हरेन्द्र सिंह बने नोएडा महानगर अध्यक्ष; किसानों के हकों की लड़ाई को और धार देने का ऐलान!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए रविवार को छलेरा बारात घर में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की। बैठक में किसानों की समस्याओं, प्राधिकरण की नीतियों, संगठन के विस्तार और आगामी आंदोलन की रणनीति पर विस्तार से मंथन किया गया। इस दौरान संगठन के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी बीसी प्रधान की मौजूदगी में हरेन्द्र सिंह को भाकियू लोकशक्ति का नोएडा महानगर अध्यक्ष नियुक्त किया गया। उनके मनोनयन पर कार्यकर्ताओं और किसानों ने जोरदार स्वागत करते हुए संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

बैठक की अध्यक्षता डॉ. रोहतास ने की, जबकि संचालन संगठन के परिवहन मंत्री ओमप्रकाश गुर्जर ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महासचिव चौधरी बीसी प्रधान ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) हमेशा किसानों के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई पूरी मजबूती के साथ लड़ती रही है। उन्होंने कहा कि आज नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के किसान भूमि अधिग्रहण, मुआवजा, आबादी, रोजगार और विकास से जुड़े कई गंभीर मुद्दों से जूझ रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान अब तक नहीं हो पाया है।

उन्होंने कहा कि संगठन किसानों की हर आवाज को लोकतांत्रिक तरीके से उठाने के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी किसान के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। संगठन लगातार गांव-गांव जाकर किसानों को एकजुट कर रहा है, जिसका परिणाम है कि भाकियू लोकशक्ति का जनाधार तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों की लड़ाई अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुकी है और संगठन पीछे हटने वाला नहीं है।

चौधरी बीसी प्रधान ने कहा कि जल्द ही प्राधिकरण अधिकारियों के साथ वार्ता कर किसानों की सभी प्रमुख मांगों को मजबूती से रखा जाएगा। यदि किसानों की जायज मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो संगठन व्यापक आंदोलन छेड़ने के लिए मजबूर होगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जरूरत पड़ने पर नोएडा प्राधिकरण का घेराव किया जाएगा और आंदोलन की रूपरेखा जल्द घोषित की जाएगी।

बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से कई नए पदाधिकारियों की घोषणा की गई। हरेन्द्र सिंह को नोएडा महानगर अध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा धर्मेंद्र बैसोया, लीलू चौहान, रोहित अवाना, सुमरपाल, कौशिक कुमार, रामकुमार शर्मा, विकास यादव, गजेन्द्र बैसोया, पवन अवाना, क्रंजय अवाना, शौकिन्द्र, सचिन बैसोया, परमजीत तंवर, सौरव तंवर और अभिषेक अवाना सहित कई कार्यकर्ताओं को संगठन में विभिन्न दायित्व सौंपे गए।

परिवहन विभाग को भी मजबूत करते हुए सुधीर ठाकुर, धनंजय शाह, जय सिंह, कुलजीत, अरुण दादा और अंकित पाल को संगठन की जिम्मेदारी दी गई। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन के प्रति पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य करने और किसानों के हितों की रक्षा के लिए हर संघर्ष में अग्रिम पंक्ति में रहने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के अंत में संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कहा कि भाकियू लोकशक्ति आने वाले समय में किसानों की समस्याओं को लेकर गांव-गांव जनसंपर्क अभियान चलाएगी और आवश्यकता पड़ने पर बड़े स्तर पर आंदोलन भी किया जाएगा।

बैठक में ओमदत्त चौहान, शिवकुमार बैसोया, रणजीत शर्मा, राजकुमार मोनू, सुनील बैसोया, अरुण गौतम, महेश बैसोया, प्रमोद प्रजापति, अशोक चौहान, जोगेंद्र चपराना, महरदीन, प्रवीण चौहान, धर्मराज, विवेक, अरविंद गौतम, पुष्पेंद्र सहित सैकड़ों किसान एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में किसानों ने एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने और किसान हितों की लड़ाई को और तेज करने का संकल्प भी लिया।।