मऊ :
दूसरी किस्त के इंतजार में अधर में लटके प्रधानमंत्री आवास, तिरपाल के नीचे रहने को मजबूर गरीब।।
।।देवेन्द्र कुमार कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत पक्का मकान पाने का सपना देख रहे कई गरीब परिवार इन दिनों भारी मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। पहली किस्त मिलने के बाद लाभार्थियों ने अपने पुराने कच्चे मकान तोड़कर नए घरों का निर्माण शुरू कर दिया, लेकिन दूसरी किस्त समय पर न मिलने से निर्माण कार्य अधूरा रह गया है। अब बरसात के मौसम में ये परिवार तिरपाल और टीनशेड के नीचे जीवन बिताने को मजबूर हैं।
जानकारी के अनुसार, लगभग सात महीने पहले योजना की पहली किस्त लाभार्थियों के खातों में भेजी गई थी। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत लाभार्थियों ने मकानों का निर्माण शुरू कराया। करीब चार महीने पहले निर्माण की प्रगति की तस्वीरें भी पोर्टल पर अपलोड कर दी गईं, लेकिन इसके बावजूद आज तक दूसरी किस्त जारी नहीं हो सकी है।
दूसरी किस्त के अभाव में निर्माण कार्य पूरी तरह ठप हो गया है। लगातार हो रही बारिश के बीच लाभार्थी अधूरे मकानों के बीच तिरपाल और अस्थायी शेड में रहने को विवश हैं। उनका कहना है कि पक्के घर का सपना अब अधूरा नजर आने लगा है।
लाभार्थियों ने शासन और प्रशासन से मांग की है कि प्रधानमंत्री आवास योजना की लंबित दूसरी किस्त जल्द जारी की जाए, ताकि अधूरे मकानों का निर्माण पूरा हो सके और गरीब परिवारों को बरसात के मौसम में सुरक्षित आशियाना मिल सके।
