गौतमबुद्धनगर: नोएडा में गांजा तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, डेढ़ किलो के करीब अवैध गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा। गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना फेस-2 क्षेत्र से गांजा तस्करी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 किलो 245 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद मादक पदार्थ की खेप को स्थानीय स्तर पर बिक्री के लिए ले जाया जा रहा था, जिसे पुलिस ने समय रहते जब्त कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई 2026 को थाना फेस-2 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस की सहायता से कार्रवाई करते हुए ईदगाह पार्क की ओर स्थित निर्माणाधीन प्लॉट के पास से एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 1 किलो 245 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी की पहचान सुहेल उर्फ मोनू पुत्र जफरुद्दीन, निवासी ग्राम ककराला ख्वासपुर, थाना फेस-2, जनपद गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई। उसकी उम्र करीब 23 वर्ष बताई गई है।
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस आरोपी से यह जानकारी जुटाने में लगी है कि वह गांजा किस स्रोत से लाता था और किन-किन लोगों तक इसकी आपूर्ति करता था। पुलिस उसके नेटवर्क और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।
इस मामले में थाना फेस-2 पर मु0अ0सं0 274/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
