शनिवार, 4 जुलाई 2026

मऊ : मधुबन में 'नौशेरा के शेर' ब्रिगेडियर उस्मान की 78 वीं पुण्यतिथि पर उमड़ा जनसैलाब।||Mau: A large crowd gathered in Madhuban to mark the 78th death anniversary of Brigadier Usman, the 'Lion of Nowshera'.||

शेयर करें:
मऊ : 
मधुबन में 'नौशेरा के शेर' ब्रिगेडियर उस्मान की 78 वीं पुण्यतिथि पर उमड़ा जनसैलाब।
सपा सांसद धर्मेंद्र यादव व विधायक अफजाल अंसारी ने दी श्रद्धांजलि।
दो टूक : मधुबन (मऊ)। 'नौशेरा के शेर' के नाम से विख्यात अमर शहीद ब्रिगेडियर उस्मान की 78वीं पुण्यतिथि शुक्रवार को उनके पैतृक आवास बीबीपुर, मधुबन में श्रद्धा और सम्मान के साथ 'शहादत दिवस' के रूप में मनाई गई। श्रद्धांजलि सभा में आजमगढ़ के सांसद धर्मेंद्र यादव, गाजीपुर के सांसद अफजाल अंसारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पूर्व सैनिक और हजारों की संख्या में क्षेत्रवासी शामिल हुए। सभी ने शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
सभा को संबोधित करते हुए सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि भारतीय सेना का साहस और शौर्य पूरी दुनिया में मिसाल है। उन्होंने कहा कि ब्रिगेडियर उस्मान की वीरता का लोहा दुश्मन देश पाकिस्तान भी मानता था। विभाजन के समय पाकिस्तान द्वारा उन्हें सेना में सर्वोच्च पद का प्रलोभन दिया गया, लेकिन उन्होंने उसे ठुकराकर भारत माता के प्रति अपनी निष्ठा को सर्वोपरि रखा। उन्होंने कहा कि मऊ की धरती धन्य है, जिसने देश को ऐसा अमर वीर सपूत दिया।
इस अवसर पर गाजीपुर सांसद अफजाल अंसारी, सपा जिलाध्यक्ष दूधनाथ यादव, पूर्व एमएलसी लीलावती कुशवाहा, मुहम्मदाबाद विधायक राजेंद्र कुमार तथा घोसी के पूर्व प्रमुख सुजीत कुमार सिंह ने भी ब्रिगेडियर उस्मान के अदम्य साहस, देशभक्ति और सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए उन्हें राष्ट्र का गौरव बताया।
कार्यक्रम में सूर्या सैनिक संगठन के माध्यम से आजमगढ़, गाजीपुर, मऊ और बलिया से आए 100 से अधिक पूर्व सैनिकों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। आयोजकों ने सभी पूर्व सैनिकों को ब्रिगेडियर उस्मान के जीवन पर आधारित पुस्तक एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। पूर्व सैनिकों ने भी अमर शहीद को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के संयोजक सुहैल अहमद ने सभी अतिथियों, पूर्व सैनिकों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन सीताराम यादव ने किया।
इस दौरान मऊ विधायक अब्बास अंसारी, उमर अंसारी, अशफाक आलम, पूर्व ब्लॉक प्रमुख शिदेनी उर्फ साधू, मयंक पाण्डेय, प्रधान राजकुमार यादव, मुन्ना यादव, विजय प्रकाश यादव, सुबास यदुवंशी, मौलाना शम्स तबरेज, रामायण यादव, मनोज कुमार राय, उपेन्द्र यादव, संतोष सिंह, राजभवन चौहान, राजेश यादव, अश्विनी यादव, मुलायम यादव सहित हजारों की संख्या में लोगों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया।