शनिवार, 4 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: मोबाइल स्नैचिंग और टप्पेबाजी गैंग का भंडाफोड़, 28 चोरी के मोबाइल, अवैध चाकू व चोरी की स्कूटी बरामद; तीन आरोपी गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: मोबाइल स्नैचिंग और टप्पेबाजी गैंग का भंडाफोड़, 28 चोरी के मोबाइल, अवैध चाकू व चोरी की स्कूटी बरामद; तीन आरोपी गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग, चोरी और टप्पेबाजी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। थाना सेक्टर-63 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से कार्रवाई करते हुए गिरोह के तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से स्नैचिंग, चोरी और टप्पेबाजी से हासिल किए गए 28 मोबाइल फोन, दो अवैध चाकू तथा दिल्ली से चोरी की गई एक स्कूटी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई 2026 को एच ब्लॉक क्षेत्र में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान रोहित कुमार, गौरव कुमार और रवेन्द्र को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान इनके पास से बड़ी संख्या में चोरी के मोबाइल फोन, दो अवैध चाकू और चोरी की स्कूटी बरामद हुई। बरामद स्कूटी दिल्ली के कोतवाली नॉर्थ थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी, जिसके संबंध में पहले से मुकदमा दर्ज है।

जांच में सामने आया कि तीनों आरोपी संगठित तरीके से मोबाइल फोन चोरी, स्नैचिंग और टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम देते थे। ये लोग मेट्रो स्टेशन, बस अड्डों और भीड़भाड़ वाले बाजारों में लोगों की असावधानी का फायदा उठाकर मोबाइल चोरी कर लेते थे। वहीं रात के समय सुनसान इलाकों में राहगीरों को निशाना बनाकर मोबाइल फोन छीन लेते थे। चोरी किए गए मोबाइल फोन बाद में कम कीमत पर राह चलते लोगों को अपनी मजबूरी का हवाला देकर बेच देते थे, जिससे पुलिस की नजरों से बच सकें।

गिरफ्तार आरोपियों में रोहित कुमार निवासी हापुड़ (मूल निवासी गाजियाबाद), गौरव कुमार निवासी बुलंदशहर (वर्तमान निवासी गाजियाबाद) तथा रवेन्द्र निवासी बदायूं (वर्तमान निवासी गाजियाबाद) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, तीनों अलग-अलग निजी कार्य करते थे, लेकिन अतिरिक्त कमाई के लालच में संगठित होकर चोरी और स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम देने लगे।

बरामदगी में 28 चोरी एवं स्नैचिंग के मोबाइल फोन, दो अवैध चाकू और दिल्ली से चोरी की गई स्कूटी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-63 में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया है। पूछताछ के आधार पर अन्य वारदातों और चोरी के मोबाइल खरीदने वाले लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस का कहना है कि जिले में मोबाइल स्नैचिंग, चोरी और टप्पेबाजी जैसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। पुलिस को उम्मीद है कि आरोपियों से पूछताछ में कई अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है।