मंगलवार, 14 जुलाई 2026

दिल्ली: पहले पत्नी की गोली मारकर हत्या, फिर खुद को उड़ा लिया; दिल्ली पुलिस के कॉन्स्टेबल की खौफनाक कहानी!!

शेयर करें:

दिल्ली: पहले पत्नी की गोली मारकर हत्या, फिर खुद को उड़ा लिया; दिल्ली पुलिस के कॉन्स्टेबल की खौफनाक कहानी!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली से रिश्तों, कानून और खाकी—तीनों को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। दिल्ली पुलिस की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (AATS) में तैनात कॉन्स्टेबल मनीष भाटी ने पहले अपनी पत्नी प्रियंका भाटी की बीच सड़क पर सरकारी सर्विस पिस्तौल से गोली मारकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी, लेकिन गिरफ्तारी से पहले ही उसने मयूर विहार स्थित एक पार्क में खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस दर्दनाक घटनाक्रम ने महज दो दिनों में एक पूरे परिवार को खत्म कर दिया।

पुलिस के अनुसार, यह वारदात सोमवार तड़के करीब तीन बजे पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी थाना क्षेत्र में हुई। मनीष अपनी पत्नी प्रियंका को एलबीएस अस्पताल लेकर जा रहा था। रास्ते में किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मनीष ने वाहन रोक दिया और अपनी सरकारी सर्विस पिस्तौल निकालकर पत्नी के सीने में गोली मार दी।

गोली लगते ही प्रियंका सड़क पर गिर पड़ीं, जबकि आरोपी मनीष मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने गंभीर रूप से घायल प्रियंका को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रियंका एक निजी स्कूल में शिक्षिका थीं और उनकी मौत से परिवार सहित पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

घटना की सूचना मिलते ही कल्याणपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका के पिता की शिकायत पर मनीष के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली पुलिस की कई टीमें गठित की गईं और उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जाने लगी।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। फुटेज में पति-पत्नी के बीच बहस होती दिखाई देती है। इसके बाद मनीष सरकारी पिस्तौल निकालता है और प्रियंका पर गोली चला देता है। पुलिस इस फुटेज को अहम साक्ष्य के रूप में जांच में शामिल कर रही है।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। पड़ोसियों के मुताबिक दोनों के बीच अक्सर कहासुनी और झगड़े होते रहते थे। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है और घटना के पीछे की वास्तविक वजह जानने का प्रयास कर रही है।

इधर, आरोपी की तलाश जारी थी कि मंगलवार शाम पुलिस को सूचना मिली कि मयूर विहार इलाके के एक पार्क में एक व्यक्ति ने खुद को गोली मार ली है। पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक गंभीर हालत में मिला। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बाद में उसकी पहचान फरार चल रहे कॉन्स्टेबल मनीष भाटी के रूप में हुई।

पुलिस के मुताबिक, मनीष ने अपनी सरकारी सर्विस पिस्तौल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या की। सूचना मिलने पर क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आत्महत्या के मामले की भी जांच की जा रही है।

दिल्ली पुलिस के लिए यह घटना बेहद संवेदनशील मानी जा रही है। एक ओर पुलिसकर्मी पर अपनी पत्नी की हत्या का गंभीर आरोप लगा, वहीं दूसरी ओर उसने गिरफ्तारी से पहले ही अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। महज दो दिनों के भीतर हुई इन दो मौतों ने पूरे पुलिस महकमे और समाज को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस अब हत्या और आत्महत्या, दोनों मामलों की हर पहलू से जांच कर रही है ताकि इस दर्दनाक घटनाक्रम की पूरी सच्चाई सामने आ सके।।