मंगलवार, 14 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा राज्य कर विभाग को मिले नए अपर आयुक्त, परीक्षित खटाना ने संभाली कमान; पारदर्शिता और जनहित को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा राज्य कर विभाग को मिले नए अपर आयुक्त, परीक्षित खटाना ने संभाली कमान; पारदर्शिता और जनहित को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। गौतमबुद्धनगर (नोएडा) जोन के राज्य कर विभाग को नया नेतृत्व मिल गया है। भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) 2020 बैच के अधिकारी परीक्षित खटाना ने मंगलवार को अपर आयुक्त राज्य कर, गौतमबुद्धनगर (नोएडा) जोन का कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ पहली समीक्षा बैठक कर शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करने के स्पष्ट निर्देश दिए।

कार्यभार ग्रहण करने के तुरंत बाद आयोजित बैठक में अपर आयुक्त परीक्षित खटाना ने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और निष्ठा के साथ करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप विभाग की कार्यशैली ऐसी होनी चाहिए, जिससे करदाताओं और आम नागरिकों का विश्वास लगातार मजबूत हो।

उन्होंने विशेष रूप से अधिकारियों को निर्देशित किया कि व्यापारी वर्ग और आमजन के साथ सम्मानजनक, संवेदनशील और सहयोगात्मक व्यवहार अपनाया जाए। उनका कहना था कि विभाग का उद्देश्य केवल राजस्व संग्रह करना नहीं, बल्कि जनता को बेहतर और भरोसेमंद सेवाएं उपलब्ध कराना भी है। विभाग की सकारात्मक एवं जनहितैषी छवि बनाए रखना सभी अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है।

बैठक के दौरान उन्होंने विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शासन की योजनाओं और नीतियों का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने और विभाग की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने पर जोर दिया।

गौरतलब है कि आईएएस अधिकारी परीक्षित खटाना इससे पहले आजमगढ़ के मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। अपने कार्यकाल में उन्होंने ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में उल्लेखनीय भूमिका निभाई। प्रशासनिक दक्षता और जनहित के प्रति उनकी कार्यशैली को देखते हुए अब उन्हें गौतमबुद्धनगर जैसे महत्वपूर्ण औद्योगिक जिले के राज्य कर विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

राज्य कर विभाग से जुड़े अधिकारियों का मानना है कि उनके नेतृत्व में विभाग की कार्यप्रणाली और अधिक पारदर्शी, जवाबदेह एवं जनकेंद्रित बनने की दिशा में नए प्रयास देखने को मिल सकते हैं।