गौतमबुद्धनगर: डीएम ने बैंकों को दी सख्त हिदायत: लंबित ऋण आवेदनों का करें तत्काल निस्तारण, जनपद का सीडी रेशियो बढ़ाने के लिए बनाएं प्रभावी कार्ययोजना!!
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना, पीएम सूर्य घर योजना और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा, कमजोर प्रदर्शन करने वाले बैंकों पर होगी अलग से समीक्षा
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 15 जुलाई।
जनपद में विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाने और बैंकिंग सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैंकों के क्षेत्रीय प्रबंधकों एवं जिला समन्वयकों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना, पीएम सूर्य घर योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं में लंबित आवेदनों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों के आवेदन बिना किसी अनावश्यक विलंब के प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किए जाएं।
बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना की प्रगति पर चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ना है। ऐसे में सभी बैंक पात्र युवाओं के ऋण आवेदनों का समयबद्ध परीक्षण कर शीघ्र स्वीकृति प्रदान करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन बैंक शाखाओं ने अब तक 15 से कम ऋण आवेदन स्वीकृत किए हैं, उनकी सूची तैयार कर शासन को उपलब्ध कराई जाए, ताकि उनकी कार्यप्रणाली की समीक्षा की जा सके।
समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद के सीडी (क्रेडिट-डिपॉजिट) रेशियो पर भी चिंता व्यक्त करते हुए सभी बैंक अधिकारियों को ऋण वितरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक के निर्धारित मानकों के अनुरूप जनपद का सीडी रेशियो बढ़ाने के लिए प्रत्येक बैंक ठोस कार्ययोजना तैयार करे। जिन बैंकों का प्रदर्शन निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप नहीं रहेगा, उनके साथ अलग से समीक्षा बैठक आयोजित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि योजना के अंतर्गत प्राप्त सभी पात्र आवेदनों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बैंक अधिकारियों एवं संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए लंबित मामलों का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक पात्र परिवार इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।
वहीं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने स्वयं सहायता समूहों के बैंक खाते प्राथमिकता के आधार पर खोलने और उनकी आवश्यकतानुसार ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में स्वयं सहायता समूहों की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए बैंक योजनाओं के माध्यम से उन्हें हरसंभव सहयोग दिया जाए।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी बैंक अधिकारियों और संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध रूप से पहुंचाया जाए। लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करते हुए सभी योजनाओं में निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित की जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण, जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी संतोष सिंह, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी आशीष कुमार, अग्रणी जिला प्रबंधक, विभिन्न बैंकों के क्षेत्रीय प्रबंधक, जिला समन्वयक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।।
