गोण्डा- अपर पुलिस महानिदेशक, गोरखपुर जोन, गोरखपुर द्वारा जारी निर्देशों के क्रम में जनपद गोण्डा पुलिस द्वारा दिव्यांगजनों की सुरक्षा, सम्मान, सहायता एवं उनके साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से विशेष कम्युनिटी पुलिसिंग अभियान प्रारम्भ किया गया है। वर्तमान सामाजिक परिवेश को दृष्टिगत रखते हुए जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में निवास करने वाले दिव्यांगजनों का चिन्हीकरण कर उनका विवरण संकलित किया जा रहा है। इसके लिए प्रत्येक थाने की कम्युनिटी पुलिसिंग यूनिट (सीपीयू) गठित की गई है, जो नियमित रूप से दिव्यांगजनों से संपर्क स्थापित कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं सुरक्षा संबंधी चिंताओं की जानकारी प्राप्त करेगी। अभियान के अंतर्गत दिव्यांगजन रजिस्टर तैयार किया गया है, जिसमें उनका नाम, पता, मोबाइल नंबर, आयु, दिव्यांगता का प्रकार, स्वास्थ्य एवं सामाजिक स्थिति सहित संपर्क से संबंधित आवश्यक विवरण अंकित किया जाएगा। सीपीयू टीम द्वारा प्रत्येक सप्ताह निर्धारित दिवसों (सोमवार, बुधवार एवं शनिवार) को दिव्यांगजनों से संपर्क स्थापित कर उनका कुशलक्षेम जाना जाएगा तथा चिन्हित दिव्यांगजनों की व्यक्तिगत, सामाजिक, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक समस्याओं की जानकारी प्राप्त की जाएगी। प्राप्त समस्याओं के आधार पर आवश्यकता अनुसार समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर उन्हें यथोचित सहायता, आवश्यक सुविधाएं एवं शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराए जाने हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस अधीक्षक गोण्डा विनीत जायसवाल द्वारा समस्त क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं सीपीयू टीमों को निर्देशित किया गया है कि वे दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार अपनाते हुए नियमित संवाद स्थापित करें तथा उनकी समस्याओं के समाधान हेतु प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उक्त अभियान के क्रम में आज जनपदीय सीपीयू टीम द्वारा जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 46 दिव्यांगजनों से उनके आवास पर पहुंचकर संपर्क स्थापित किया गया। इनमें थाना कोतवाली नगर के 03, खरगूपुर के 02, इटियाथोक के 02, धानेपुर के 03, मोतीगंज के 04, मनकापुर के 03, छपिया के 10, खोड़ारे के 02, उमरी बेगमगंज के 01, वजीरगंज के 04, नवाबगंज के 01, कोतवाली कर्नलगंज के 02, कौड़िया के 02, परसपुर के 02, कटरा बाजार के 02 तथा महिला थाना के 02 दिव्यांगजन शामिल रहे। संपर्क अभियान के दौरान पुलिस टीम द्वारा दिव्यांगजनों का कुशलक्षेम जाना गया तथा उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की गई। साथ ही उन्हें सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान करते हुए किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त करने हेतु जागरूक किया गया। गोण्डा पुलिस की इस जनहितकारी एवं संवेदनशील पहल की दिव्यांगजनों एवं उनके परिजनों द्वारा सराहना की गई तथा उन्होंने पुलिस के प्रति अपना विश्वास एवं संतोष व्यक्त किया।
