गौतमबुद्धनगर में युवाओं को मिलेगा नया मंच, डीएम ने MY Bharat अभियान को तेज करने के दिए निर्देश!!
MY Bharat जिला सलाहकार समिति की पहली बैठक में वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना पर मंथन, 15 से 29 वर्ष के युवाओं के अधिकतम पंजीकरण और सभी शिक्षण संस्थानों को पोर्टल से जोड़ने पर जोर।
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 15 जुलाई। जिले में युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को निखारने की दिशा में बुधवार को महत्वपूर्ण पहल की गई। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में MY Bharat जिला सलाहकार समिति (MYB-DAC) की प्रथम बैठक आयोजित हुई। बैठक में वर्ष 2026-27 की वार्षिक कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा करते हुए विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियां तय की गईं तथा युवाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान उप निदेशक MY Bharat शिवेंद्र सिंह ने वर्ष 2026-27 की वार्षिक कार्ययोजना का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया। उन्होंने बताया कि आगामी वर्ष में नशा मुक्त भारत फॉर विकसित भारत अभियान, प्रमुख सरकारी योजनाओं पर जागरूकता कार्यशालाएं, ब्लॉक एवं जनपद स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं, खेल सामग्री वितरण, फ्यूचर यूथ लीडर्स बूटकैम्प, अनुभवात्मक शिक्षा (Experiential Learning), सेवा पखवाड़ा, युवा क्लब सम्मेलन, व्यावसायिक प्रशिक्षण, विकसित भारत युवा संसद, विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग तथा राष्ट्रीय युवा महोत्सव जैसे अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में MY Bharat पोर्टल पर युवाओं के पंजीकरण अभियान की प्रगति, जिला कार्ययोजना के प्रभावी क्रियान्वयन, अनुभवात्मक शिक्षा कार्यक्रमों के विस्तार, युवा क्लबों के गठन एवं सुदृढ़ीकरण तथा आगामी कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC), भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, आईटीआई, विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि वे 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के अधिक से अधिक युवाओं का MY Bharat पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित करें। साथ ही सभी शिक्षण संस्थानों को पोर्टल पर ऑनबोर्ड कर युवाओं को रोजगार, प्रशिक्षण, नेतृत्व विकास और स्वयंसेवी गतिविधियों से जुड़ने के अधिक अवसर उपलब्ध कराए जाएं।
उन्होंने कहा कि MY Bharat केवल एक पोर्टल नहीं बल्कि युवाओं को कौशल विकास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ने का एक व्यापक मंच है। इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रमों का गुणवत्तापूर्ण संचालन सुनिश्चित करें।
बैठक में जिलाधिकारी ने अग्निशमन विभाग, वन विभाग, कृषि विभाग, जिला पूर्ति विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में युवाओं के लिए अनुभवात्मक शिक्षा (Experiential Learning) के अधिक से अधिक अवसर विकसित करें, ताकि युवा व्यवहारिक ज्ञान प्राप्त कर अपने कौशल को मजबूत बना सकें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी, जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार, जिला पंचायत राज अधिकारी संतोष कुमार, जिला सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री, जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत प्रियंका चतुर्वेदी, प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी परवेज अली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।।
