बुधवार, 15 जुलाई 2026

लखनऊ : एटीएम मशीन तोड़कर चोरी का प्रयास करने वाला युवक गिरफ्तार, तमंचा व उपकरण बरामद।।||Lucknow: A young man who attempted to break into an ATM machine and steal has been arrested; a pistol and equipment have been recovered.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
एटीएम मशीन तोड़कर चोरी का प्रयास करने वाला युवक गिरफ्तार, तमंचा व उपकरण बरामद।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना गुडम्बा पुलिस ने एसबीआई एटीएम मशीन तोड़कर उसमें रखी नकदी चोरी करने का प्रयास करने वाले एक शातिर युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक अवैध 12 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त पेचकस, प्लास और आरी ब्लेड बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
विस्तार :
पुलिस के अनुसार अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गुडम्बा पुलिस ने 12 जुलाई 2026 को राम धर्म कांटे के पास स्थित एसबीआई एटीएम में तोड़फोड़ कर नकदी चोरी करने के प्रयास की घटना का सफल खुलासा किया। इस संबंध में थाना गुडम्बा पर मु0अ0सं0 272/2026 के तहत धारा 303(2), 324(4) एवं 62 बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
जांच के दौरान बैंक के कंट्रोल रूम से प्राप्त लगभग पांच सेकंड की सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया गया। फुटेज में एक संदिग्ध युवक सफेद टी-शर्ट और गले में सफेद गमछा पहने एटीएम कक्ष में प्रवेश करता दिखाई दिया। पहचान सुनिश्चित होने के बाद पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 14 जुलाई 2026 को सेक्टर-जे पुलिस चौकी के आगे से आरोपी मो. निहाल पुत्र अली अहमद (22 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध 12 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक पेचकस, एक प्लास तथा एक आरी ब्लेड बरामद किया। अवैध हथियार का कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत न करने पर मुकदमे में धारा 3/25 आयुध अधिनियम की भी बढ़ोत्तरी की गई।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि आर्थिक लाभ के उद्देश्य से उसने एटीएम मशीन को औजारों की मदद से तोड़कर उसमें रखी धनराशि चोरी करने का प्रयास किया था। मशीन से तेज आवाज आने पर पकड़े जाने के डर से वह मौके से फरार हो गया था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मो. निहाल पुत्र अली अहमद, निवासी ग्राम भदेवा, थाना थानगांव, जनपद सीतापुर तथा वर्तमान में कल्याणपुर स्थित दारू की भट्टी के पास, थाना गुडम्बा, लखनऊ में रह रहा था। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।