बुधवार, 15 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस की कार्रवाई: अवैध तमंचा और कारतूस के साथ हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, जारचा पुलिस की सतर्कता से हथियार बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस की कार्रवाई: अवैध तमंचा और कारतूस के साथ हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, जारचा पुलिस की सतर्कता से हथियार बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट के थाना जारचा पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार के साथ एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक .315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ पहले भी हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और धमकी देने जैसे गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को थाना जारचा पुलिस टीम ने लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग के जरिए मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए खटाना से दादूपुर जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी की। इस दौरान संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से एक .315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोनू पुत्र मोजीराम (29 वर्ष) निवासी ग्राम मिलक खटाना, थाना जारचा, जनपद गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है।

पहले से दर्ज हैं कई गंभीर मुकदमे

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ थाना जारचा में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें आपराधिक धमकी, हत्या के प्रयास की साजिश, बलवा और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। हालिया गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत एक और मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

अपराधियों पर लगातार सख्ती

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जा रहा है। लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाकर अपराधियों की धरपकड़ की जा रही है। जारचा पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

पुलिस ने बरामद एक अवैध .315 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस को कब्जे में लेकर आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।