गुरुवार, 30 जुलाई 2026

कांवड़ यात्रा को लेकर गौतमबुद्धनगर पुलिस अलर्ट, डीसीपी ने किया रूट का पैदल निरीक्षण; शिविर संचालकों और अधिकारियों को दिए अहम निर्देश!!

शेयर करें:

कांवड़ यात्रा को लेकर गौतमबुद्धनगर पुलिस अलर्ट, डीसीपी ने किया रूट का पैदल निरीक्षण; शिविर संचालकों और अधिकारियों को दिए अहम निर्देश!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस पूरी तरह सक्रिय नजर आ रही है। पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में गुरुवार को डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार सिंह ने एसीपी-2 सेंट्रल नोएडा कमलेश कांत के साथ थाना बादलपुर क्षेत्र में कांवड़ यात्रा मार्ग का पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का गहन जायजा लिया गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का मूल्यांकन किया और स्थानीय संभ्रांत नागरिकों से संवाद स्थापित कर उनसे शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में सहयोग की अपील की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार से कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

डीसीपी ने कांवड़ शिविर संचालकों को निर्देशित किया कि सभी शिविर केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित और चिन्हित स्थानों पर ही लगाए जाएं, ताकि यातायात व्यवस्था बाधित न हो और श्रद्धालुओं के साथ-साथ आम नागरिकों को भी किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

इसके साथ ही संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखें तथा प्रत्येक ड्यूटी स्थल पर पूरी सतर्कता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और श्रद्धामय वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

गौतमबुद्धनगर पुलिस का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और पुलिस बल लगातार गश्त कर स्थिति पर नजर बनाए रखेगा, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।।