गौतमबुद्धनगर: नोएडा प्राधिकरण का सख्त एक्शन: अवैध फार्महाउस और अवैध प्लॉटिंग पर चला बुलडोजर, 32 हजार वर्गमीटर से अधिक भूमि कराई अतिक्रमण मुक्त!!
दो टूक//नोएडा। नोएडा प्राधिकरण ने अवैध कब्जों और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुवार को ग्राम कोंडली बांगर और ग्राम झट्टा क्षेत्र में अवैध फार्महाउस एवं अवैध प्लॉटिंग पर बुलडोजर चलाया। इस अभियान के दौरान कई अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया और करीब 32,670 वर्गमीटर प्राधिकरण की भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया।
नोएडा प्राधिकरण द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक, अधिसूचित क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से वर्क सर्किल-10 की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में यह अभियान चलाया। सबसे पहले ग्राम कोंडली बांगर के डूब क्षेत्र में अवैध रूप से बनाए गए फार्महाउसों पर कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान लगभग सात अवैध फार्महाउस ध्वस्त कर दिए गए और करीब 10,000 वर्गमीटर भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया।
इसके बाद प्राधिकरण की टीम ने ग्राम झट्टा में भी अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ कार्रवाई की। बताया गया कि खसरा संख्या 456 की अधिसूचित भूमि पर अतिक्रमणकर्ताओं द्वारा दोबारा चिनाई कर अवैध प्लॉटिंग और निर्माण कार्य किया जा रहा था। प्राधिकरण ने मौके पर पहुंचकर पूरे अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार, ग्राम झट्टा में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान करीब 22,670 वर्गमीटर भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया। इस कार्रवाई में प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ पुलिस बल भी मौजूद रहा, जिससे अभियान शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सका।
नोएडा प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि अधिसूचित क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण, फार्महाउस निर्माण या बिना अनुमति की जा रही प्लॉटिंग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में आगे भी लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।।
