शनिवार, 25 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: चेहल्लुम पर्व को लेकर गौतमबुद्धनगर पुलिस अलर्ट, डीसीपी रवि शंकर निम ने जारचा में की शांति समिति की बैठक!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: चेहल्लुम पर्व को लेकर गौतमबुद्धनगर पुलिस अलर्ट, डीसीपी रवि शंकर निम ने जारचा में की शांति समिति की बैठक!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। आगामी चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गौतमबुद्धनगर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशानुसार डीसीपी ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम ने एसीपी द्वितीय ग्रेटर नोएडा प्रशाली गंगवार के साथ थाना जारचा परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित कर त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने पर जोर दिया।

बैठक में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं एवं संभ्रांत लोगों के साथ विस्तार से संवाद किया गया। डीसीपी ने शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने की अपील करते हुए कहा कि सभी लोग आपसी समन्वय और सहयोग के साथ त्योहार मनाएं, ताकि क्षेत्र में शांति और सौहार्द का वातावरण बना रहे। इस दौरान उपस्थित लोगों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना गया तथा कई मुद्दों का मौके पर ही समाधान कराने के निर्देश दिए गए।

डीसीपी रवि शंकर निम ने कहा कि पुलिस प्रशासन का उद्देश्य केवल सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर हर पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना भी है। उन्होंने संबंधित विभागों के साथ तालमेल बनाकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक के बाद डीसीपी ने थाना जारचा के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की अलग से समीक्षा बैठक ली। उन्होंने पुलिस बल को संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने, लगातार गश्त करने, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने तथा किसी भी सूचना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान अनुशासन, सतर्कता और जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने की हिदायत दी गई।

पुलिस प्रशासन ने आमजन से भी अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि चेहल्लुम पर्व को पूरी सुरक्षा व्यवस्था और आपसी भाईचारे के साथ सकुशल संपन्न कराया जाएगा।