शनिवार, 25 जुलाई 2026

लखनऊ :आईसीएसई जोनल कराटे प्रतियोगिता-2026 में खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन, विजेताओं को मेडल पहनाकर किया गया सम्मान।||Lucknow:Athletes performed strongly at the ICSE Zonal Karate Competition 2026, with winners honored with medals.||

शेयर करें:
लखनऊ :
आईसीएसई जोनल कराटे प्रतियोगिता-2026 में खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन, विजेताओं को मेडल पहनाकर किया गया सम्मान।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के तेलीबाग स्थित सर्वांगीन विकास पब्लिक कॉलेज में शनिवार को आयोजित आईसीएसई जोनल कराटे प्रतियोगिता-2026 में खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन कर दर्शकों का दिल जीत लिया। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता खिलाड़ियों को अतिथियों ने मेडल पहनाकर सम्मानित किया और खेलों को अनुशासन, आत्मविश्वास एवं व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम बताया।
विस्तार :
राजधानी लखनऊ के तेलीबाग खरिका में स्थित सर्वांगीन विकास पब्लिक कॉलेज (सीआईएससीई संबद्धता कोड: UP-283) परिसर में आयोजित जोनल स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि ऋतु सहाय एवं जसपाल सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
विद्यालय के स्वामी एवं निदेशक विवेक सिंह के नेतृत्व और मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रतियोगिता का संचालन सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने अलग-अलग वर्गों में कराटे की तकनीक, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया, जिस पर उपस्थित दर्शकों ने तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में भारतीय पत्रकार एवं मानवाधिकार परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेन्द्र बहादुर सिंह तथा उत्तर प्रदेश प्रभारी एल.एम. यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। दोनों अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और बेहतर व्यक्तित्व निर्माण का आधार भी हैं।
अतिथियों ने विद्यालय प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे खेल आयोजन बच्चों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के साथ उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए भी प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागी विद्यालयों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों, अधिकारियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी इसी तरह के खेल आयोजनों का नियमित आयोजन करने का संकल्प दोहराया।