गौतमबुद्धनगर: डीएम का सख्त संदेश: बड़े बकायदारों पर चलेगा विशेष अभियान, राजस्व वसूली में लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई!!
दो टूक//नोएडा/गौतमबुद्धनगर, 15 जुलाई 2026। जिले में लंबित राजस्व वसूली को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में ऑनलाइन और ऑफलाइन विभिन्न विभागों के राजस्व देयों की वसूली की प्रगति का गहन आकलन किया गया। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि बड़े बकायदारों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर लंबित राजस्व की शीघ्र और प्रभावी वसूली सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने दो टूक कहा कि राजस्व वसूली में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान परिवहन, श्रम, स्टांप, विद्युत, रेरा, बैंक समेत विभिन्न विभागों की लंबित देयों और वसूली की वर्तमान स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप तेजी से कार्रवाई करने और प्रत्येक विभाग की वसूली प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि राजस्व वसूली की नियमित और प्रभावी निगरानी के लिए संबंधित उपजिलाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में अमीनों का रोस्टर तैयार करें तथा उसी के अनुरूप नियमित वसूली अभियान चलाया जाए। साथ ही वसूली कार्य की लगातार समीक्षा कर प्रगति सुनिश्चित की जाए, ताकि लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण हो सके।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से रेरा (RERA) के लंबित मांग पत्रों की समीक्षा करते हुए संबंधित उपजिलाधिकारियों और तहसीलदारों को ठोस कार्ययोजना तैयार कर अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रेरा के लंबित मांग पत्रों में शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित की जाए और बड़े बकायदारों के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण करते हुए राजस्व वसूली के निर्धारित लक्ष्यों को हर हाल में पूरा किया जाए। प्रशासन की प्राथमिकता है कि सरकारी राजस्व की एक-एक रुपये की वसूली पारदर्शी और प्रभावी तरीके से सुनिश्चित हो।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अजीत कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता, तहसीलदार जेवर प्रतीक सिंह, तहसीलदार सदर पूजा चौधरी, तहसीलदार दादरी कृष्ण कुमार चौरसिया सहित राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।।
