लखनऊ :
एटीएम में रुपये फंसने के बाद साइबर ठगी,मोटर मैकेनिक के खाते से ₹2.81 लाख उड़ाए।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना पीजीआई क्षेत्र में एटीएम से रुपये निकालने के दौरान फंसी धनराशि वापस दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने एक मोटर मैकेनिक के खाते से 2 लाख 81 हजार रुपये उड़ा दिए। पीड़ित ने साइबर क्राइम सेल और थाना पीजीआई में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार थाना पीजीआई क्षेत्र के सरथुआ गांव निवासी मो. इरफान पुत्र लल्लन मोटर मैकेनिक का कार्य करते हैं। उन्होंने बताया कि 10 जुलाई को वह घर के पास स्थित बैंक के एटीएम से रुपये निकालने गए थे। इस दौरान 5,000 रुपये एटीएम में फंस गए और उनके खाते में वापस नहीं आए।
पीड़ित ने 13 जुलाई को संबंधित बैंक शाखा में लिखित शिकायत दर्ज कराई। बैंक अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें घर भेज दिया।
घर पहुंचने के कुछ समय बाद उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। कॉल करने वाले ने स्वयं को बैंक से जुड़ा बताते हुए एटीएम में फंसी राशि वापस कराने का भरोसा दिया और खाते से संबंधित कुछ आवश्यक जानकारी मांगी। विश्वास में आकर पीड़ित ने जानकारी साझा कर दी।
इसके बाद कुछ ही देर में उनके खाते से अलग-अलग ट्रांजेक्शनों के माध्यम से 2 लाख 81 हजार रुपये निकाल लिए गए। मोबाइल पर लगातार निकासी के संदेश आने पर उन्हें साइबर ठगी का पता चला।
पीड़ित ने तत्काल साइबर क्राइम सेल तथा थाना पीजीआई में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और साइबर ठगों की तलाश की जा रही है।
सावधानी:
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बैंक या एटीएम से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के नाम पर आने वाली अज्ञात कॉल पर अपनी बैंकिंग जानकारी, ओटीपी, सीवीवी, एटीएम नंबर या अन्य गोपनीय विवरण किसी से साझा न करें।
