बुधवार, 15 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में बड़ा हादसा: 11 हजार केवी हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरा, 5 लोग झुलसे; स्कूटी में लगी आग, एक की हालत गंभीर!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में बड़ा हादसा: 11 हजार केवी हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरा, 5 लोग झुलसे; स्कूटी में लगी आग, एक की हालत गंभीर!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। गौतमबुद्धनगर के थाना सेक्टर-63 क्षेत्र के छिजारसी कॉलोनी में बुधवार शाम बड़ा हादसा हो गया। 11 हजार केवी (11KV) हाईटेंशन बिजली लाइन का तार अचानक टूटकर सड़क पर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से पांच लोग घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद एक स्कूटी में भी आग लग गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने तत्काल पुलिस व बिजली विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-63 पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। घायलों में रवि चौधरी की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि अन्य चार घायलों की स्थिति सामान्य है और उनका उपचार जारी है।

एडीसीपी सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार, 15 जुलाई 2026 को थाना सेक्टर-63 क्षेत्र के छिजारसी में 11 हजार केवी हाईटेंशन लाइन का तार टूटने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

हादसे में घायल होने वालों की पहचान निधि (15 वर्ष) पुत्री स्वर्गीय वीरेंद्र, प्रिया (17 वर्ष) पुत्री बलराम सिंह, मुकेश राम (38 वर्ष) पुत्र अजय राम, पवित्र (41 वर्ष) पुत्र राजवीर सिंह, निवासी छिजारसी कॉलोनी तथा रवि चौधरी के रूप में हुई है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने रवि चौधरी की हालत गंभीर बताई है। बाकी चार घायलों की स्थिति स्थिर और सामान्य है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईटेंशन लाइन का तार अचानक टूटकर नीचे गिरा, जिससे आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। इसी दौरान एक स्कूटी भी बिजली की चपेट में आ गई और उसमें आग लग गई। स्थानीय लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया और घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।

घटना के बाद बिजली विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और बिजली आपूर्ति बंद कर लाइन की जांच शुरू की। पुलिस ने भी पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि तार टूटने के कारणों की पड़ताल की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस हादसे ने एक बार फिर शहर में हाईटेंशन बिजली लाइनों के रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह हादसा अधिक भीड़भाड़ के समय होता, तो जनहानि और भी अधिक हो सकती थी। इलाके के लोगों ने बिजली विभाग से जर्जर लाइनों का तत्काल निरीक्षण कर उन्हें दुरुस्त कराने की मांग की है।।