मंगलवार, 28 जुलाई 2026

गोण्डा- विजली संविदाकर्मियों की आज से शुरू हुई हड़ताल, इटियाथोक में बिजली के लिए हाहाकार, ईस्ट व साउथ फीडर सुबह से खराब, हजारों उपभोक्ता परेशान, चीफ व जेई ने कहा......

शेयर करें:
गोण्डा- जिले के विजली कर्मचारी (आउटसोर्स कर्मचारी/संविदाकर्मी) अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 28 जुलाई से हड़ताल पर चले गए हैं। उक्त सभी कर्मचारी धरने में शामिल होने के लिए राजधानी लखनऊ में पहुंच चुके हैं। जिले के प्रत्येक पावर हाउस पर इन्ही कर्मचारियों की तैनाती है और इन्ही के भरोसे जनता को विजली मिलती है। इनके हड़ताल पर जाने से अब जिले में अनेक जगहों पर खराब विजली लाइनों को बनाने वाला कोई नहीं है और जनता इस गर्मी में विजली के लिए हलकान व परेशान है। इस हड़ताल का बुरा असर इटियाथोक क्षेत्र में भी देखने को मिल रहा है। संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि हड़ताल की पूर्व जानकारी विभाग को दे दी गई थी। अब बड़ा सवाल यह है कि अगर विभाग को हड़ताल की पूर्व जानकारी थी तो खराब लाइनो को दुरुस्त करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था क्यों नही की गई? और अगर यह व्यवस्था हुई तो क्षेत्र की आपूर्ति बाधित क्यों है?
बताते चले कि वास्तविक संविदाकर्मी अपने सहयोग में हर पावर हाउस के प्रत्येक फीडर पर 2 या 4 की संख्या में अस्थाई युवको को रखकर काम कराते हैं जिसकी जानकारी पावर हाउस के जेई और एसडीओ समेत एसएसओ को होती है। इन युवको को संबंधित फीडर के प्रत्येक सेक्शन और लाइन की विधिवत जानकारी होती है और लाइन बनाने में यह पूर्ण सक्षम होते है। संविदाकर्मियों के दिशा निर्देशन में यह लोग लाइन बनाने का काम भी करते है। जब कभी वास्तविक कर्मचारियों की हड़ताल होती है तो यह अस्थाई युवक भी लाइन पर काम करने से इनकार कर देते है क्योंकि इनके अन्नदाता हड़ताल पर रहते है। अगर हड़ताल में यह लोग काम करेंगे तो इनके अन्नदाता खफा हो जाएंगे और इन युवको को वह कार्यमुक्त कर देंगे। ऐसी परिस्थिति में हड़ताल के वक्त खराब लाइनों को बनाने वाला कोई नही रहता है और जनता विजली के लिए परेशान रहती है।

"इटियाथोक के ईस्ट व साउथ फीडर का बुरा हाल"
वर्तमान में शुरू हुई इस हड़ताल की वजह से इटियाथोक पावर हाउस के ईस्ट फीडर और साउथ फीडर का बुरा हाल है। दोनो फीडर सुबह से खराब पड़े है।
ईस्ट फीडर की ग्यारह हजार बोल्ट की लाइन मंगलवार सुबह अचानक खराब हो गई। सुबह से लाइन खराब पड़ी है और हजारों उपभोक्ता गर्मी में बिजली के बिना परेशान व हलकान है। गौरतलब है कि ईस्ट फीडर से दूर दूर तक स्थित कर्मडीह कला, मरवटिया, रमवापुर नायक, कंधईपुरवा, रमगढ़िया, बंजरिया, बसवरिया, वेदपुर, अयाह आदि सैकड़ो ग्रामो के हजारों उपभोक्ताओ को विजली आपूर्ति होती है। वहीं क्षेत्र का साउथ फीडर सुबह से खराब बताया जा रहा है।
इस बाबत मुख्य अभियंता (विद्दुत वितरण) देवीपाटन मंडल ने कहा समस्या का समाधान जल्द कराया जा रहा है।
वहीं इटियाथोक पावर हाउस के जेई अंकुर सिंह ने कहा कि हड़ताल की वजह से लाइन बनने में समस्या आई है, वैकल्पिक व्यवस्था के तहत जल्द ही खराब लाइनों को ठीक कराया जाएगा।