मंगलवार, 28 जुलाई 2026

लखनऊ :राजधानी में कोटेदारों का हल्ला बोल,6 सूत्रीय मांगों को लेकर चारबाग में जोरदार प्रदर्शन।।||Lucknow:Ration dealers in the capital staged a protest in Charbagh over their six-point demands.||

शेयर करें:
लखनऊ :
राजधानी में कोटेदारों का हल्ला बोल,6 सूत्रीय मांगों को लेकर चारबाग में जोरदार प्रदर्शन।।
●कोटेदारो ने चारबाग से निकाला पैदल मार्च,पुलिस ने हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेजा।
दो टूक : राजधानी लखनऊ में ऑल इंडिया फेयर प्राइस डीलर्स एसोसिएशन के आह्वान पर सोमवार को प्रदेश के विभिन्न जनपदों से हजारों की संख्या में कोटेदार राजधानी पहुंचे और अपनी छह सूत्रीय मांगों को लेकर चारबाग क्षेत्र में जोरदार प्रदर्शन शुरु कर दिया । प्रदर्शन के दौरान कोटेदारों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पैदल मार्च निकाला और अपनी लंबित मांगों के शीघ्र समाधान की मांग उठाई है।
विस्तार : 
जानकारी के अनुसार मंगलवार को लखनऊ मे कोटेदारों ने अपनी मांगों को लेकर जमकर विरोध प्रदर्शन कर रहे है प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे एसोसिएशन के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष गिरीश तिवारी ने कहा कि सरकार को कोटेदारों की समस्याओं को गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने मांग की कि कोटेदारों का कमीशन तत्काल बढ़ाया जाए तथा उनके कार्य के अनुरूप उचित पारिश्रमिक सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा राशन वितरण के अतिरिक्त सौंपे जाने वाले अन्य सरकारी कार्यों का अलग से उचित भुगतान किया जाए।
उन्होंने कहा कि कोटेदार लगातार सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन उन्हें आज भी अपेक्षित सम्मान और आर्थिक सुरक्षा नहीं मिल रही है। एसोसिएशन ने कोटेदारों एवं उनके परिवारों के लिए सामाजिक सुरक्षा, बीमा, पेंशन सहित अन्य कल्याणकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग की।
प्रदर्शन के दौरान चारबाग क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात रहा। जैसे ही प्रदर्शनकारी आगे बढ़ने लगे, पुलिस प्रशासन ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर बसों के माध्यम से ईको गार्डन भेज दिया गया, जहां उन्हें शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने की अनुमति दी गई।
एसोसिएशन पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार उनकी छह सूत्रीय मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। प्रदर्शन के कारण चारबाग और आसपास के क्षेत्रों में कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।