गौतमबुद्धनगर: नोएडा के डॉ. महीपाल सिंह को इंग्लैंड का प्रतिष्ठित 'एक्सीलेंस इन लीडरशिप अवॉर्ड', दिव्यांग पुनर्वास में उत्कृष्ट योगदान को मिली वैश्विक पहचान!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा। गौतमबुद्ध नगर के लिए गर्व का विषय है कि शहर के प्रसिद्ध न्यूरो रिहैबिलिटेशन विशेषज्ञ एवं फर्स्ट वन रिहैब फाउंडेशन के संस्थापक डॉ. महीपाल सिंह को इंग्लैंड की प्रतिष्ठित संस्था इंटरनेशनल बुक ऑफ ऑनर द्वारा 'एक्सीलेंस इन लीडरशिप अवॉर्ड' से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उन्हें दिव्यांगजनों, विशेषकर सेरेब्रल पाल्सी से पीड़ित बच्चों के पुनर्वास, पीडियाट्रिक न्यूरो रिहैबिलिटेशन, चिकित्सा शिक्षा, नेतृत्व और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया जा रहा है।
संस्था द्वारा 9 जुलाई 2026 को जारी आधिकारिक पत्र में इस सम्मान की घोषणा की गई। पत्र में कहा गया है कि डॉ. महीपाल सिंह ने अपने समर्पण, संवेदनशीलता और नवाचारपूर्ण कार्यशैली के माध्यम से हजारों दिव्यांग बच्चों और उनके परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है। उनका योगदान केवल चिकित्सा सेवाओं तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्होंने समाज में दिव्यांगजनों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उन्हें बेहतर जीवन उपलब्ध कराने की दिशा में भी लगातार प्रयास किए हैं।
इंटरनेशनल बुक ऑफ ऑनर ने अपने संदेश में उल्लेख किया है कि डॉ. सिंह का कार्य इस बात का प्रमाण है कि यदि चिकित्सा सेवा के साथ संवेदनशील नेतृत्व और मानवीय दृष्टिकोण जुड़ जाए तो दिव्यांगजनों के जीवन की गुणवत्ता में व्यापक सुधार संभव है। संस्था ने उनके कार्यों को वैश्विक स्तर पर प्रेरणादायक बताते हुए सम्मान के लिए चुना है।
ब्रिटिश संसद से जुड़ी पहल है इंटरनेशनल बुक ऑफ ऑनर
इंटरनेशनल बुक ऑफ ऑनर की स्थापना 27 सितंबर 2022 को ब्रिटिश संसद में आयोजित भारत-यूके लीडरशिप समिट के बाद की गई थी। संस्था का उद्देश्य दुनिया भर में ऐसे व्यक्तित्वों को सम्मानित करना है जिन्होंने मानवता, स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक न्याय, मानवाधिकार, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में असाधारण योगदान दिया है।
संस्था की चयन प्रक्रिया अंतरराष्ट्रीय स्तर की विशेषज्ञ जूरी द्वारा की जाती है, जिसमें शिक्षाविद, वैज्ञानिक, स्वास्थ्य विशेषज्ञ, समाज सुधारक और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित विशेषज्ञ शामिल रहते हैं। यह सम्मान उन लोगों को प्रदान किया जाता है जिनके कार्य समाज में सकारात्मक परिवर्तन और प्रेरणा का स्रोत बनते हैं।
नोएडा से दुनिया तक बनाई पहचान
डॉ. महीपाल सिंह लंबे समय से नोएडा में दिव्यांग बच्चों के पुनर्वास के क्षेत्र में कार्यरत हैं। उनकी संस्था के माध्यम से अनेक बच्चों को आधुनिक न्यूरो रिहैबिलिटेशन सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे वे बेहतर जीवन जीने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। चिकित्सा विशेषज्ञों का मानना है कि उन्होंने क्लिनिकल सेवाओं के साथ-साथ प्रशिक्षण, शोध और सामुदायिक जागरूकता के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
डॉ. महीपाल सिंह को मिलने वाला यह अंतरराष्ट्रीय सम्मान न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि नोएडा और पूरे देश के लिए भी गर्व का विषय है। यह सम्मान भारतीय चिकित्सा विशेषज्ञों की वैश्विक स्तर पर बढ़ती प्रतिष्ठा और दिव्यांग पुनर्वास के क्षेत्र में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों की अंतरराष्ट्रीय स्वीकार्यता का भी प्रतीक माना जा रहा है।।
