रविवार, 12 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में हाई-प्रोफाइल सोसायटियों को निशाना बनाने वाला शातिर गिरोह ध्वस्त, पुलिस मुठभेड़ और कॉम्बिंग ऑपरेशन में 4 गिरफ्तार; विदेशी मुद्रा, लाखों के जेवर और हथियार बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में हाई-प्रोफाइल सोसायटियों को निशाना बनाने वाला शातिर गिरोह ध्वस्त, पुलिस मुठभेड़ और कॉम्बिंग ऑपरेशन में 4 गिरफ्तार; विदेशी मुद्रा, लाखों के जेवर और हथियार बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने हाई-प्रोफाइल सोसायटियों में घरों में घुसकर चोरी और लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। थाना सूरजपुर पुलिस और सेंट्रल नोएडा की सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई में पुलिस मुठभेड़ एवं कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान गिरोह के चार बदमाशों को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ में दो बदमाश गोली लगने से घायल हुए, जबकि दो अन्य को जंगल में चलाए गए कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान दबोच लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार अवैध तमंचे, कारतूस, वारदात में प्रयुक्त टैक्सी कार, विभिन्न देशों की 56 विदेशी मुद्रा के नोट, जापानी मुद्रा, नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और दो महंगी हाथ घड़ियां बरामद की हैं। बरामद सामान हाल ही में सूरजपुर क्षेत्र में हुई चोरी और लूट की घटनाओं से संबंधित बताया गया है।

पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसायटी को बनाया था निशाना

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बदमाशों ने 4 और 5 जुलाई की रात पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसायटी में सुनियोजित तरीके से दो अलग-अलग वारदातों को अंजाम दिया था। गिरोह के दो सदस्य सोसायटी की दीवार फांदकर अंदर घुसे, जबकि दो अन्य साथी कार में बैठकर बाहर निगरानी करते रहे।

एक मकान में घुसने के दौरान पहली मंजिल पर महिला अपने बच्चों के साथ सो रही थी। महिला के जागने पर बदमाशों ने उसे डरा-धमकाकर सोने के जेवर, नकदी और उसका बैग लूट लिया। बैग में महिला के महत्वपूर्ण दस्तावेज भी रखे हुए थे। इसके बाद उसी रात गिरोह ने सोसायटी के एक अन्य मकान का दरवाजा तोड़कर चोरी की और वहां से विदेशी मुद्रा, भारतीय नकदी और दो महंगी घड़ियां लेकर फरार हो गए।

टैक्सी चलाने की आड़ में करते थे रेकी

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे ऑनलाइन बुकिंग एप के माध्यम से टैक्सी चलाते थे। इसी दौरान वे संपन्न इलाकों और हाई-प्रोफाइल सोसायटियों की रेकी करते थे। सुनसान और सुरक्षित मकानों को चिन्हित कर रात के समय चोरी और लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे।

मुठभेड़ के बाद चारों बदमाश गिरफ्तार

12 जुलाई को थाना सूरजपुर पुलिस और सेंट्रल नोएडा की सर्विलांस टीम ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर कार्रवाई करते हुए सूरजपुर वेटलैंड क्षेत्र में बदमाशों की घेराबंदी की। पुलिस मुठभेड़ में वीरपाल और विजयपाल घायल हो गए, जबकि अर्जुन कश्यप और अवधेश को जंगल में चलाए गए कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया।

यह सामान हुआ बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस, चार खोखा कारतूस, वारदात में प्रयुक्त टैक्सी कार, 56 विदेशी मुद्रा के नोट, जापानी मुद्रा, दो हाथ घड़ियां, सोने की दो चेन, अंगूठी, पेंडेंट, कान का झुमका, चेन के कई टुकड़े, एक चांदी की चेन तथा 14,275 रुपये नकद बरामद किए हैं।

कई राज्यों में दर्ज हैं आपराधिक मुकदमे

गिरफ्तार मुख्य आरोपी वीरपाल पर चोरी, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में करीब 15 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं विजयपाल के खिलाफ भी चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य आपराधिक मामलों सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।

पुलिस कर रही है अन्य वारदातों की जांच

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह से पूछताछ के आधार पर अन्य चोरी और लूट की घटनाओं की भी जांच की जा रही है। संभावना है कि यह गिरोह एनसीआर के कई इलाकों में सक्रिय रहा है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इनके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा चोरी का सामान कहां और किसके माध्यम से बेचा जाता था।

कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस की इस कार्रवाई से हाई-प्रोफाइल सोसायटियों में चोरी और लूट की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।