गौतमबुद्धनगर: यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में विदेशी नागरिकों की गतिविधियों पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, रघुपुरा थाने में सौंपा ज्ञापन; जांच और कार्रवाई की मांग!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//गौतमबुद्ध नगर। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के सेक्टर-22 स्थित सुपरटेक गोल्फ कंट्री में रह रहे कुछ विदेशी मूल के नागरिकों की कथित गतिविधियों को लेकर आसपास के गांवों के लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने रघुपुरा थाने पहुंचकर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा और मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि सुपरटेक गोल्फ कंट्री में किराये पर रह रहे कुछ विदेशी नागरिकों की गतिविधियां लंबे समय से संदिग्ध हैं, जिससे क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। ज्ञापन में दावा किया गया है कि यहां कुछ विदेशी नागरिक कथित रूप से अवैध नशे के कारोबार में संलिप्त हैं। ग्रामीणों ने यह भी उल्लेख किया कि पूर्व में पंजाब पुलिस द्वारा भी इस परिसर से कुछ विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि गांव के बच्चे जब स्कूल आने-जाने के लिए इस मार्ग से गुजरते हैं तो कुछ विदेशी नागरिक उनका पीछा करते हैं और तेज रफ्तार वाहनों से उन्हें परेशान करते हैं। इसके अलावा महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के प्रति अभद्र व्यवहार करने के भी आरोप लगाए गए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में रह रहे कुछ विदेशी नागरिकों के दस्तावेजों की वैधता भी संदेह के घेरे में है। उनके अनुसार कई लोग पुराने वाहनों का इस्तेमाल करते हैं और उनकी पहचान तथा निवास संबंधी दस्तावेजों की भी जांच आवश्यक है। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यदि समय रहते प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया तो भविष्य में कोई बड़ी आपराधिक घटना हो सकती है।
ग्रामीणों ने थाना प्रभारी से मांग की है कि सुपरटेक गोल्फ कंट्री में रह रहे सभी विदेशी नागरिकों के दस्तावेजों का सत्यापन कराया जाए, उनकी गतिविधियों की निष्पक्ष जांच की जाए तथा यदि कोई व्यक्ति अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही गांव व आसपास के क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाकर आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की गई।
इस संबंध में ग्रामीणों की ओर से संदीप, साहबाज, विकल सहित अन्य ग्रामवासियों ने ज्ञापन सौंपकर प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
