गौतमबुद्धनगर: छपरौला-दादरी औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं पर सख्त हुए डीएम, विभागों को दिए समयबद्ध समाधान के निर्देश!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
एनएच-91 ड्रेनेज कार्य में देरी पर जताई नाराजगी, एनएचएआई ठेकेदार की अनुपस्थिति पर शासन को पत्र भेजने के निर्देश
दो टूक//ग्रेटर नोएडा: औद्योगिक विकास और व्यापारिक गतिविधियों को गति देने के उद्देश्य से गौतमबुद्धनगर के जिलाधिकारी ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में छपरौला-दादरी औद्योगिक क्षेत्र की विभिन्न लंबित समस्याओं को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं छपरौला-दादरी इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े बुनियादी ढांचे, जल निकासी, बिजली, अग्निशमन और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा संबंधित विभागों को त्वरित और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-91 पर एनएचएआई द्वारा कराए जा रहे ड्रेनेज निर्माण कार्य में हो रही देरी को प्रमुख समस्या बताते हुए इसे जल्द पूरा कराने की मांग की। इसके अलावा पुराने विद्युत उपकेंद्र में जलभराव, औद्योगिक क्षेत्र में अग्निशमन वाहन की उपलब्धता तथा नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सेक्शन-4 से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को भी जिलाधिकारी के समक्ष रखा गया।
सभी बिंदुओं पर गंभीरता से चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनपद के औद्योगिक विकास और व्यापारिक गतिविधियों में किसी भी प्रकार की बाधा स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि आपसी समन्वय के साथ लंबित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि उद्योगों का संचालन सुचारु रूप से जारी रहे और निवेशकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
राष्ट्रीय राजमार्ग-91 पर ड्रेनेज कार्य की समीक्षा के दौरान एनएचएआई के संबंधित ठेकेदार की बैठक में अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस संबंध में शासन और संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र भेजकर स्थिति से अवगत कराया जाए तथा कार्य में तेजी लाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इसके साथ ही नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सेक्शन-4 से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए जिलाधिकारी ने नोएडा प्राधिकरण और पुलिस विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उद्योगों से जुड़े मामलों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि उद्योग प्रतिनिधियों के साथ नियमित संवाद बनाए रखा जाए, ताकि उनकी समस्याओं का समय रहते प्रभावी एवं स्थायी समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि औद्योगिक वातावरण को बेहतर बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसके लिए सभी विभागों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा।
बैठक में डिप्टी कलेक्टर विवेक भदोरिया, जिला कृषि रक्षा अधिकारी विवेक दुबे, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा छपरौला-दादरी इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में औद्योगिक क्षेत्र के समग्र विकास और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर भी विस्तार से चर्चा की गई।।
