गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में दर्दनाक हादसा: खेरली नहर में नहाते समय तेज बहाव में बही 8 वर्षीय मासूम, पुलिस-NDRF का युद्धस्तर पर सर्च ऑपरेशन जारी!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। दनकौर थाना क्षेत्र स्थित खेरली नहर में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। दोस्तों के साथ नहर में नहाने गई 8 वर्षीय मासूम बच्ची अचानक तेज बहाव की चपेट में आकर बह गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने बच्ची को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण वह देखते ही देखते आंखों से ओझल हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही दनकौर थाना पुलिस, एनडीआरएफ (NDRF) और दमकल विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गईं। नहर के किनारे बच्ची के कपड़े मिलने के बाद संयुक्त टीमों ने युद्धस्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। कई घंटों से लगातार राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक बच्ची का कोई पता नहीं चल सका था।
हादसे के बाद बच्ची के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पूरे गांव और आसपास के इलाके में मातम और चिंता का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी नहर किनारे मौजूद हैं और राहत दलों के साथ बच्ची की तलाश में जुटे हुए हैं।
प्रशासन का कहना है कि बरसात के चलते नहरों में पानी का बहाव काफी तेज है, जिससे इस तरह की घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को नहरों, नदियों और अन्य तेज बहाव वाले जल स्रोतों के पास न जाने दें और बरसात के मौसम में विशेष सावधानी बरतें।
फिलहाल पुलिस, एनडीआरएफ और दमकल विभाग की संयुक्त टीम लगातार नहर में सर्च अभियान चला रही है। प्रशासन को उम्मीद है कि जल्द ही बच्ची का पता लगाया जा सकेगा। हादसे ने एक बार फिर बरसात के मौसम में नहरों के बढ़ते खतरे और सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।।
