बुधवार, 15 जुलाई 2026

मऊ :73 लाख की लागत से होगा प्राचीन शिव मंदिर का सौंदर्यीकरण, बहुउद्देश्यीय हाल निर्माण का हुआ भूमि पूजन।||Mau:Beautification of the ancient Shiva temple to be carried out at a cost of ₹73 lakh; groundbreaking ceremony held for the construction of a multi-purpose hall.||

शेयर करें:
मऊ :
73 लाख की लागत से होगा प्राचीन शिव मंदिर का सौंदर्यीकरण, बहुउद्देश्यीय हाल निर्माण का हुआ भूमि पूजन।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के कोपागंज खण्ड विकास के ग्राम लैरो दोनवार स्थित प्राचीन शिव मंदिर के सौंदर्यीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मंदिर परिसर में बनने वाले बहुउद्देश्यीय हाल का भूमि पूजन पूरे वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। यह कार्य उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं पर्यटन विकास के लिए स्वीकृत 73 लाख रुपये की परियोजना के अंतर्गत किया जा रहा है।
भूमि पूजन का शुभारंभ अजय सिंह 'योगी सेवक' के करकमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ग्राम लैरो दोनवार का यह प्राचीन शिव मंदिर मुगलकालीन इतिहास का साक्षी है। मंदिर परिसर में आज भी मुगल आक्रमण के दौरान खंडित हुई प्राचीन प्रतिमाएं मौजूद हैं, जो इसकी ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्ता को दर्शाती हैं। उन्होंने बताया कि मंदिर की प्राचीनता और श्रद्धालुओं की आस्था को देखते हुए उन्होंने गत वर्ष मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इसके सौंदर्यीकरण का अनुरोध किया था, जिसके परिणामस्वरूप 73 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत हुई।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के बड़े धार्मिक स्थलों के साथ-साथ छोटे एवं प्राचीन मंदिरों का भी विकास किया जा रहा है, जिससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ सनातन संस्कृति को नई मजबूती मिलेगी।
मंदिर के पुजारी सत्यप्रकाश ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मंदिर के विकास से यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और धार्मिक गतिविधियों का विस्तार होगा।
ग्रामीण रामनवल सिंह ने कहा कि मंदिर परिसर में बहुउद्देश्यीय हाल बनने से ग्राम सभा सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को धार्मिक, सामाजिक एवं मांगलिक कार्यक्रमों के आयोजन में बड़ी सुविधा मिलेगी। इसके लिए क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर कृपा नारायण पांडेय, ज्ञानू पांडेय, दुबे जी, अरविंद सिंह, अमित सिंह, विवेक सिंह, मनीष पांडेय, हरिओम पांडेय, विजय सिंह, चंदन मौर्य सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे।