गौतमबुद्धनगर: जारचा पुलिस की बड़ी सफलता: 6 दिन में वाहन चोरी का खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी की बाइक और अवैध चाकू बरामद!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की थाना जारचा पुलिस ने वाहन चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल और एक अवैध चाकू बरामद किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई 2026 को थाना जारचा पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ग्राम दादूपुर नहर की पटरी के पास दो संदिग्ध युवकों को रोककर पूछताछ की गई। जांच में उनकी पहचान वेद प्रकाश पुत्र संजय निवासी जैतपुर, थाना सूरजपुर तथा धीरज पुत्र किशन निवासी परसोली, थाना नौहझील, जिला मथुरा (हाल निवासी डेल्टा-1, ग्रेटर नोएडा) के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से चोरी की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल और एक अवैध चाकू बरामद हुआ।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 22 जुलाई 2026 को ग्राम पटाड़ी में मोटरसाइकिल चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। इस संबंध में थाना जारचा में मु0अ0सं0 129/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर मामले में धारा 317(5) बीएनएस तथा 4/25 आयुध अधिनियम की बढ़ोतरी करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।
गिरफ्तार आरोपी वेद प्रकाश (20 वर्ष) जैतपुर, थाना सूरजपुर का निवासी है, जबकि दूसरा आरोपी धीरज (18 वर्ष) मूल रूप से मथुरा जिले का रहने वाला है और वर्तमान में ग्रेटर नोएडा के डेल्टा-1 क्षेत्र में किराये पर रह रहा था।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इनका संबंध किसी बड़े वाहन चोर गिरोह से तो नहीं है। थाना जारचा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से वाहन चोरी के मामले का मात्र छह दिनों में खुलासा हो गया, जिससे स्थानीय लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखा जा सके।।
