मंगलवार, 28 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में फर्जी जॉब प्लेसमेंट रैकेट का पर्दाफाश, नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले 6 आरोपी गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में फर्जी जॉब प्लेसमेंट रैकेट का पर्दाफाश, नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले 6 आरोपी गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की थाना सेक्टर-20 पुलिस और साइबर टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं से ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में चार महिलाओं और दो पुरुषों समेत कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन, 11 फीस बुक, चार रसीद बुक, 22 प्रचार-प्रसार पंपलेट तथा 20 अभ्यर्थियों के भरे हुए भर्ती फॉर्म बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को थाना सेक्टर-20 पुलिस और साइबर टीम नोएडा जोन ने सूचना के आधार पर सेक्टर-27 स्थित अट्टा मार्केट की एक बिल्डिंग में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान गिरोह से जुड़ी चार महिला और दो पुरुष आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी विभिन्न निजी कंपनियों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर बेरोजगार युवाओं से रजिस्ट्रेशन, प्रोसेसिंग और अन्य शुल्क के नाम पर पैसे वसूलते थे। नौकरी का भरोसा दिलाकर अभ्यर्थियों से फीस जमा कराई जाती थी, लेकिन उन्हें कोई रोजगार उपलब्ध नहीं कराया जाता था। इस तरह आरोपी लंबे समय से युवाओं को अपना शिकार बना रहे थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी के कार्य में इस्तेमाल होने वाले दस्तावेज, फीस और रसीद बुक, प्रचार सामग्री तथा अभ्यर्थियों के भरे हुए फॉर्म बरामद किए हैं। बरामद सामग्री से यह स्पष्ट होता है कि गिरोह सुनियोजित तरीके से फर्जी भर्ती प्रक्रिया संचालित कर लोगों को ठग रहा था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान स्वेता सिंह उर्फ प्रिया, नीजू यादव, कीर्ति सिंह उर्फ मीरा, पूजा, रूपेश कुमार और आमीर राणा के रूप में हुई है। सभी आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-20 में मुकदमा संख्या 308/2026 के तहत धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं 66D आईटी एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि गिरोह ने अब तक कितने युवाओं को अपना शिकार बनाया और इस ठगी नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि नौकरी के नाम पर किसी भी संस्था या व्यक्ति को बिना सत्यापन के धनराशि न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

इस कार्रवाई को पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की साइबर अपराध और संगठित ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।।