मंगलवार, 14 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में मोबाइल लुटेरों का पर्दाफाश: फर्जी नंबर प्लेट लगी बाइक से वारदात करने वाले दो शातिर गिरफ्तार, 5 मोबाइल और चोरी की बाइक बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में मोबाइल लुटेरों का पर्दाफाश: फर्जी नंबर प्लेट लगी बाइक से वारदात करने वाले दो शातिर गिरफ्तार, 5 मोबाइल और चोरी की बाइक बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। थाना फेस-3 पुलिस ने बीट पुलिसिंग और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से मोबाइल लूट और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल, लूट और चोरी के पांच मोबाइल फोन तथा 2,800 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी, जिसका इस्तेमाल आरोपी वारदातों को अंजाम देने में करते थे।

पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को थाना फेस-3 पुलिस ने डंपिंग ग्राउंड सर्विस रोड, सेक्टर-71 के पास से विष्णु गुप्ता और सौरभ कुमार को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी लंबे समय से चोरी और मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं में सक्रिय थे और चोरी की बाइक पर सवार होकर राह चलते लोगों को निशाना बनाते थे।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने 19 मई 2026 को सेक्टर-66 स्थित मामूरा की एक ही बिल्डिंग से तीन मोबाइल फोन चोरी किए थे। इसके अलावा दोनों आरोपी सड़क पर चल रहे लोगों से मोबाइल छीनने की कई वारदातों में भी शामिल रहे हैं। पुलिस अब इनसे पूछताछ कर अन्य घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 34 वर्षीय विष्णु गुप्ता निवासी गढ़ी चौखंडी (मूल निवासी एटा) तथा 20 वर्षीय सौरभ कुमार निवासी गढ़ी चौखंडी (मूल निवासी औरैया) के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल, पांच मोबाइल फोन और 2,800 रुपये नकद बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों के खिलाफ थाना फेस-3 में पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा दिल्ली में भी एक ई-एफआईआर दर्ज है।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों से बरामद मोबाइल फोन के वास्तविक मालिकों की पहचान की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि दोनों ने नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में कितनी अन्य वारदातों को अंजाम दिया है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।।