सीबीएसई सप्लीमेंट्री परीक्षा 2026: गौतमबुद्धनगर में 9 केंद्रों पर कड़ी निगरानी में होगी परीक्षा, प्रशासन ने जारी किए सख्त निर्देश!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 25 जुलाई 2026। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की सीनियर सेकेंडरी सप्लीमेंट्री एग्जामिनेशन-2026 को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। 28 जुलाई को आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा जनपद के 09 परीक्षा केंद्रों पर होगी। परीक्षा सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक आयोजित की जाएगी।
परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा के लिए शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रियंका की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापकों और संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ परीक्षा की सभी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक में एडीएम न्यायिक ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा को पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने और आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्टेटिक, सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेटों को परीक्षा से पहले सभी केंद्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए, ताकि वहां सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षा व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं पूरी तरह दुरुस्त मिलें। यदि किसी भी केंद्र पर कोई तकनीकी या व्यवस्थागत कमी सामने आती है तो उसे तत्काल दूर कराने के निर्देश भी दिए गए।
एडीएम न्यायिक ने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी परीक्षार्थी को मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस या अन्य प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा कक्ष में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक चन्द्रशेखर ने सभी अधिकारियों एवं केंद्र व्यवस्थापकों को सीबीएसई द्वारा निर्धारित परीक्षा संचालन प्रक्रिया, सुरक्षा मानकों और दिशा-निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने परीक्षा को व्यवस्थित एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए सभी अधिकारियों से समन्वय बनाकर कार्य करने का आह्वान किया।
जिला प्रशासन का कहना है कि परीक्षा के दौरान प्रत्येक केंद्र पर प्रशासनिक निगरानी रहेगी और सभी व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जाएगी, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा परीक्षा पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई जा सके।।
