गौतमबुद्धनगर: 17 जुलाई की किसान महापंचायत को लेकर भाकियू लोकशक्ति का बिगुल, सरकार और प्राधिकरणों पर बरसे राष्ट्रीय महासचिव बी.सी. प्रधान!!
दो टूक//नोएडा। आगामी 17 जुलाई को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कार्यालय पर प्रस्तावित किसानों की महापंचायत को सफल बनाने के लिए भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार बाजार, सदरपुर स्थित संगठन के नोएडा कार्यालय पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक में किसानों की लंबित समस्याओं, प्राधिकरणों की कार्यशैली और महापंचायत की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए भाकियू लोकशक्ति के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी बी.सी. प्रधान ने कहा कि गौतमबुद्ध नगर के किसानों के साथ लगातार उपेक्षा का व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण किसानों की समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नहीं हैं, जिसके चलते किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
उन्होंने कहा कि किसानों की वर्षों पुरानी मांगें आज भी अधूरी हैं और बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। किसानों को अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने पर मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि सरकार और प्राधिकरणों ने किसानों की आवाज नहीं सुनी तो आंदोलन को और अधिक व्यापक बनाया जाएगा।
चौधरी बी.सी. प्रधान ने कहा कि किसान संघर्ष मोर्चा के नेतृत्व में 17 जुलाई को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कार्यालय पर आयोजित होने वाली महापंचायत किसानों के अधिकारों की लड़ाई में एक निर्णायक पड़ाव साबित होगी। उन्होंने सभी किसानों से एकजुट होकर महापंचायत में बड़ी संख्या में पहुंचने का आह्वान करते हुए कहा कि अब किसान अपने हक की लड़ाई आर-पार के अंदाज में लड़ने के लिए तैयार हैं।
बैठक में यह भी बताया गया कि भाकियू लोकशक्ति के राष्ट्रीय अध्यक्ष मास्टर श्यौराज सिंह ने भी किसान संघर्ष मोर्चा को अपना पूर्ण समर्थन देते हुए महापंचायत को सफल बनाने का आह्वान किया है। इससे आंदोलन को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद जताई गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि नोएडा क्षेत्र से संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता पूरे दलबल के साथ ग्रेटर नोएडा महापंचायत में शामिल होंगे और किसानों के हितों से जुड़े मुद्दों को पूरी मजबूती के साथ उठाएंगे। संगठन ने कहा कि यह लड़ाई केवल जमीन या मुआवजे की नहीं, बल्कि किसानों के सम्मान, अधिकार और भविष्य की लड़ाई है।
बैठक में चौधरी ओमप्रकाश गुर्जर, शिवकुमार बैसोया, चौधरी महेश तंवर, धर्मराज बैसोया, अजब सिंह भाटी, विजयपाल भाटी, राजकुमार मोनू, सुनील बैसोया, महेश बैसोया, सुधीर ठाकुर, जीत सिंह, कुलदीप, अरविंद गौतम, धनंजय, पुष्पेन्द्र, प्रमोद बैसला सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने महापंचायत को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया और किसानों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की।।
