गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में 14 लाख की एमडीएमए ड्रग्स के साथ विदेशी तस्कर समेत तीन गिरफ्तार, दिल्ली-एनसीआर तक फैला था सप्लाई नेटवर्क!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना बीटा-2 पुलिस और एसओजी (ग्रेटर नोएडा) की संयुक्त टीम ने एक विदेशी नागरिक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 14 लाख रुपये कीमत की 143 ग्राम एमडीएमए (MDMA) ड्रग्स, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, एक स्कूटी और 17,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार विदेशी आरोपी पहले भी दिल्ली में एनडीपीएस एक्ट के मामले में जेल जा चुका है और फिलहाल जमानत पर बाहर था।
पुलिस के मुताबिक, 4 जुलाई 2026 को गोपनीय सूचना के आधार पर थाना बीटा-2 और एसओजी टीम ने जनता फ्लैट सर्विस रोड, सेक्टर चाई-4 क्षेत्र में संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान अरुण कसाना, अतुल सिंह और नाइजीरिया मूल के विदेशी नागरिक CHIDUBEM STANLEY को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 143 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 14 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा ड्रग्स की तौल के लिए इस्तेमाल होने वाला इलेक्ट्रॉनिक तराजू, एक स्कूटी और 17,500 रुपये नकद भी बरामद किए गए।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दिल्ली-एनसीआर, नोएडा और ग्रेटर नोएडा की विभिन्न सोसाइटियों में घूम-घूमकर एमडीएमए को छोटी-छोटी पुड़ियों में पैक कर ऊंचे दामों पर बेचते थे। गिरोह युवाओं को अपना निशाना बनाकर अवैध रूप से मोटी कमाई कर रहा था।
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि इस गिरोह का मास्टरमाइंड विदेशी नागरिक CHIDUBEM STANLEY है। वह वर्ष 2025 में दिल्ली क्राइम ब्रांच द्वारा एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया जा चुका था और जेल से जमानत पर रिहा होने के बाद फिर से ड्रग्स तस्करी के नेटवर्क को सक्रिय कर रहा था। पुलिस अब उसके संपर्कों, सप्लाई चेन और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
गिरफ्तार आरोपियों में अरुण कसाना निवासी विजयनगर, गाजियाबाद, अतुल सिंह निवासी सम्पूर्णम सोसाइटी, बीटा-2, ग्रेटर नोएडा तथा नाइजीरिया मूल का विदेशी नागरिक CHIDUBEM STANLEY, जो वर्तमान में उत्तम नगर, दिल्ली में रह रहा था, शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना बीटा-2 में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं और विदेशी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं विदेशी आरोपी के खिलाफ वर्ष 2025 में दिल्ली क्राइम ब्रांच में दर्ज एनडीपीएस एक्ट का मामला भी पुलिस रिकॉर्ड में शामिल है।
गौतमबुद्धनगर पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।।
