शुक्रवार, 19 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: RTO चेकिंग से बचने के लिए डंपर चालक की खतरनाक हरकत, रॉन्ग साइड दौड़ाकर एक्सप्रेसवे पर पलटे पत्थर!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: RTO चेकिंग से बचने के लिए डंपर चालक की खतरनाक हरकत, रॉन्ग साइड दौड़ाकर एक्सप्रेसवे पर पलटे पत्थर!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा/दादरी। RTO चेकिंग और कार्रवाई से बचने के प्रयास में एक डंपर चालक ने ऐसी खतरनाक हरकत कर दी, जिससे ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। चालक ने पहले डंपर को करीब एक किलोमीटर तक रॉन्ग साइड दौड़ाया और बाद में पीछा किए जाने की आशंका पर डंपर में भरे भारी पत्थरों को सड़क पर गिरा दिया। इस घटना से यातायात प्रभावित हुआ और कई वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, घटना दादरी क्षेत्र के चक्रसेनपुर के पास ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर हुई। सड़क पर अचानक बड़ी मात्रा में लाल बजरी और पत्थर फैल जाने से कई वाहनों के टायर क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि अन्य वाहन चालकों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सड़क पर फैले पत्थरों के कारण एक्सप्रेसवे पर लंबा जाम लग गया और भीषण गर्मी के बीच यात्रियों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डंपर चालक ने कार्रवाई से बचने के लिए बेहद गैर-जिम्मेदाराना तरीका अपनाया। रॉन्ग साइड वाहन चलाने के बाद उसने पीछे आने वालों को रोकने के उद्देश्य से सड़क पर पत्थर गिरा दिए, जिससे हाईवे पर चल रहे वाहनों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई। घटना के दौरान कई वाहन बाल-बाल बच गए और कुछ देर के लिए यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई।

सूचना मिलते ही थाना दादरी पुलिस और यातायात पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने तेज धूप में स्वयं सड़क पर उतरकर फावड़ों की मदद से पत्थरों को हटाने का कार्य शुरू किया। बाद में जेसीबी मशीन बुलाकर पूरे मार्ग को साफ कराया गया, जिसके बाद यातायात को धीरे-धीरे सामान्य कराया जा सका। पुलिस की तत्परता के चलते फंसे हुए वाहनों को सुरक्षित निकाला गया और यात्रियों को राहत मिली।

घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें सड़क पर फैले पत्थर और उन्हें हटाने में जुटी पुलिस की टीम दिखाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने डंपर चालक की लापरवाही पर नाराजगी जताई है।

पुलिस के अनुसार, थाना दादरी क्षेत्र में पलवल (हरियाणा) की ओर से दादरी-सिकंदराबाद की दिशा में जाने वाले ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर किसी अज्ञात डंपर द्वारा मोटा लाल बजरी पत्थर गिरा दिया गया था। सूचना मिलते ही थाना दादरी पुलिस और यातायात पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई कर मार्ग को साफ कराया और यातायात को सुचारु कराया।

मामले में अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस चालक और वाहन की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो सके।।