गौतमबुद्धनगर: रॉयल सिटी सोसाइटी में खून से दहली शाम: ग्रेटर नोएडा में युवक की गोली मारकर हत्या, पड़ोसी समेत दो पर आरोप!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के बादलपुर थाना क्षेत्र स्थित रॉयल सिटी सोसाइटी में गुरुवार को हुई सनसनीखेज हत्या की वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। सोसाइटी में रहने वाले एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक, रॉयल सिटी सोसाइटी, ग्राम अच्छेजा छपरौला में रहने वाले जीवन किशोर (50 वर्ष) पुत्र रामदास को गोली लगने की सूचना मिली थी। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायल को अस्पताल भिजवाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
प्रारंभिक जांच में मृतक के पड़ोसी विशाल कश्यप और उसके साथी विक्की का नाम सामने आया है। पुलिस का मानना है कि घटना के पीछे आपसी विवाद या पुरानी रंजिश की आशंका हो सकती है, हालांकि हत्या के सही कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर गहन जांच की जा रही है।
वारदात के बाद पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस टीमों को जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारी लगातार घटनास्थल की निगरानी कर रहे हैं। थाना बादलपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
दिनदहाड़े हुई इस हत्या की घटना ने रॉयल सिटी सोसाइटी समेत पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।!!
