शुक्रवार, 19 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में हरियाणवी डांसर डिंपल चौधरी का हाई-वोल्टेज ड्रामा, सेल्फी मांगने पर फैंस से अभद्रता का वीडियो वायरल!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में हरियाणवी डांसर डिंपल चौधरी का हाई-वोल्टेज ड्रामा, सेल्फी मांगने पर फैंस से अभद्रता का वीडियो वायरल!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 थाना क्षेत्र स्थित कमर्शियल बेल्ट में हरियाणवी डांसर डिंपल चौधरी के कथित अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में डांसर को सार्वजनिक स्थान पर लोगों के साथ तीखी बहस और गाली-गलौज करते हुए देखा जा सकता है। बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत उस समय हुई जब कुछ प्रशंसकों ने उनके साथ सेल्फी और फोटो खिंचवाने की इच्छा जताई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना तीन-चार दिन पुरानी बताई जा रही है। डिंपल चौधरी अपने परिवार के साथ कमर्शियल बेल्ट क्षेत्र में मौजूद थीं। इसी दौरान कुछ युवकों ने उन्हें पहचानकर फोटो खिंचवाने का अनुरोध किया। आरोप है कि इस मामूली बात पर डांसर नाराज हो गईं और उन्होंने मौके पर मौजूद लोगों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया।

घटना के दौरान बाजार में काफी संख्या में लोग जमा हो गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसी बीच किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों के बीच इस घटना को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना के संबंध में किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है, इसलिए फिलहाल कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।

वायरल वीडियो के बाद विवाद में शामिल दूसरे पक्ष ने भी अपनी सफाई पेश की है। उनका कहना है कि उन्होंने सम्मानपूर्वक केवल एक फोटो की मांग की थी, लेकिन इसके बावजूद डिंपल चौधरी ने आक्रामक रवैया अपनाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। वहीं सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोग डांसर के व्यवहार की आलोचना कर रहे हैं, जबकि कुछ लोग पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आने का इंतजार करने की बात कह रहे हैं।

फिलहाल वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और सोशल मीडिया पर डिंपल चौधरी के व्यवहार को लेकर बहस तेज हो गई है।।