शुक्रवार, 19 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: जनपद में खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा अभियान: दूध, पनीर, मक्खन समेत 7 खाद्य उत्पादों के नमूने जांच को भेजे गए!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: जनपद में खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा अभियान: दूध, पनीर, मक्खन समेत 7 खाद्य उत्पादों के नमूने जांच को भेजे गए!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतम बुद्ध नगर। जनपदवासियों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने व्यापक जांच अभियान शुरू कर दिया है। इसी क्रम में गुरुवार को विभागीय अधिकारियों ने ग्रेटर नोएडा और नोएडा के विभिन्न प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए दूध, पनीर, मक्खन, चीज़ और अन्य डेयरी उत्पादों के कुल सात नमूने संग्रहित कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे।

आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश तथा जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम लगातार बाजार में उपलब्ध खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता की निगरानी कर रही है। विभाग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आम जनता तक मानकों के अनुरूप सुरक्षित और शुद्ध खाद्य पदार्थ पहुंचें।

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार ने हबीबपुर स्थित कांटिनेंटल मिल्कोज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की दूध पैकिंग इकाई से गाय के दूध का एक नमूना संग्रहित किया। वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारी विजय बहादुर पटेल एवं रविंद्र नाथ वर्मा की टीम ने नोएडा फेस-2 स्थित सोवेंस फॉर्मेज डेरी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड से मक्खन का एक नमूना, प्रोसेस्ड चीज़ स्प्रेड के दो नमूने तथा चीज़ का एक नमूना जांच के लिए लिया।

इसके अलावा खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमर बहादुर सरोज ने सेक्टर-45 स्थित डाबर डेरी से पनीर का एक नमूना तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी रितु सक्सेना ने सेक्टर-68 स्थित ऑर्गेनिक्ट फ्रेश प्राइवेट लिमिटेड से पिज्जा सॉस का एक नमूना संग्रहित किया। इस प्रकार कुल सात नमूनों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। जांच रिपोर्ट में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि विभाग का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा करना तथा बाजार में गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। इसके लिए समय-समय पर विशेष अभियान चलाकर नमूने संग्रहित किए जाते रहेंगे।।