सुल्तानपुर :
PWD गेस्ट हाउस कर्मचारी से मारपीट के तीन आरोपी गिरफ्तार।
दो टूक : सुलतानपुर जनपद के नगर कोतवाली पुलिस ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) गेस्ट हाउस के कर्मचारी से मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा डालने और धमकी देने के मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक स्कॉर्पियो और एक स्विफ्ट डिजायर कार भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 27 जून को पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में कुछ लोग वीआईपी सुइट नंबर-1 को जबरन खुलवाने का दबाव बना रहे थे। कर्मचारी द्वारा नियमों का हवाला देकर सुइट खोलने से इनकार करने पर आरोपितों ने उसके साथ गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और मारपीट कर सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की। पीड़ित की तहरीर पर 28 जून को नगर कोतवाली में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मेडिकल परीक्षण कराया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने सोमवार को समन उर्फ अमन निषाद निवासी आरटीओ कार्यालय के पास, आलोक यादव निवासी राघवपुर थाना धनपतगंज तथा दिलशाद अहमद निवासी धौराहरा, थाना नगर कोतवाली को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो (यूपी-32 पीटी-9698) और स्विफ्ट डिजायर (यूपी-42 एके-8090) बरामद की गई।
पुलिस ने तीनों आरोपितों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
