मऊ :
बेकाबू ट्रक सड़क छोड़ घर में घुसकर पलटा,टला बड़ा हादसा।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के घोसी कोतवाली क्षेत्र मझवारा–नगरा मार्ग पर स्थित संत देवराहा बाबा इंटर कॉलेज के समीप रविवार देर रात करीब 2:30 बजे एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क छोड़ सीधे एक गरीब के मकान में जा घुसा। हादसे में मकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया तथा घर में रखा गृहस्थी का सामान भी टूट-फूट गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक बाजार की ओर से आ रहा था। अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रक सड़क से उतरकर सीधे मकान से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोग तेज धमाके की आवाज सुनकर मौके पर पहुंच गए।
राहत की बात यह रही कि हादसे के समय मकान में कोई मौजूद नहीं था। परिवार के सभी सदस्य मोहर्रम के अवसर पर अपने पैतृक गांव, जनपद आजमगढ़ गए हुए थे। यदि परिवार घर पर होता तो यह हादसा जानलेवा साबित हो सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं पीड़ित परिवार ने प्रशासन से हुए नुकसान का आकलन कर आर्थिक सहायता एवं उचित कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण आए दिन इस मार्ग पर हादसे होते रहते हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम करने तथा दोषी चालक के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
