लखनऊ :
परेशान बुजुर्ग महिला ने बहू बेटों पर मारपीट कर घर से निकालने का लगाया आरोप।
दो टूक : लखनऊ के मोहनलालगंज कस्बे की एक वृद्ध महिला ने अपने ही दो बेटों, बहुओं और एक रिश्तेदार पर मारपीट, प्रताड़ित करने और घर से निकाल देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि बहुओं के अत्याचार और बेटों के दुर्व्यवहार से उसका जीना दूभर हो गया है। इतना ही नहीं, छोटे बेटे का गला दबाकर हत्या का प्रयास भी किया गया। महिला ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई और अपनी सुरक्षा की मांग की है।
विस्तार :
प्राप्त जानकारी के अनुसार कस्बे के मोहल्ला सराय निवासी गजाला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके बेटे मोहम्मद तौफीक व मोहम्मद तौसीब, उनकी बहुएं तथा तौफीक का साला दिलावर आए दिन उनसे विवाद करते हैं। आरोप है कि बहुएं उन्हें खाना तक नहीं देतीं और आए दिन गाली-गलौज व अभद्र व्यवहार करती हैं।
पीड़िता के अनुसार रविवार रात करीब आठ बजे सभी आरोपितों ने उन्हें और उनके छोटे बेटे सोनम को गालियां देते हुए लात-घूंसों और डंडों से बेरहमी से पीटा। आरोप है कि इस दौरान सोनम के गले में दुपट्टा कसकर उसकी हत्या का प्रयास किया गया। उसकी आंख पर कई घूंसे मारे गए और नाखूनों से भी हमला किया गया। किसी तरह वह अपनी जान बचाकर वहां से निकल सका। महिला का कहना है कि सोनम की आंख में गंभीर चोट आई है, जिससे उसे धुंधला दिखाई दे रहा है और गले पर भी चोट के निशान हैं।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि मारपीट के बाद उन्हें और उनके छोटे बेटे को घर से निकाल दिया गया तथा दोबारा घर आने पर जान से मारने की धमकी दी गई। उनका कहना है कि इसी मामले की शिकायत उन्होंने 11 जून को भी पुलिस चौकी में की थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, जिससे आरोपितों के हौसले और बढ़ गए।इंस्पेक्टर ने बताया कि पीड़िता की तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी
