बुधवार, 10 जून 2026

मऊ : पुलिस भर्ती परीक्षा केन्द्रों पर कन्ट्रोल रुम से डी एम और एसपी ने रखी पैनी नजर।||Mau: The DM and SP kept a close watch on the police recruitment examination centres from the control room.||

शेयर करें:
मऊ : 
पुलिस भर्ती परीक्षा केन्द्रों पर कन्ट्रोल रुम से डी एम और एसपी ने रखी पैनी नजर।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा 2025 के तीसरे दिन जिलाधिकारी रहे भ्रमणशील,कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
विस्तार : 
उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा-2025 को सकुशल, निष्पक्ष, नकलविहीन एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री आनंद वर्द्धन ने परीक्षा के तीसरे दिन जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश बहादुर भी उनके साथ उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, सीसीटीवी निगरानी, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के बारे में जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर तैनात केंद्र व्यवस्थापकों, कक्ष निरीक्षकों एवं अन्य कार्मिकों को परीक्षा को पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने परीक्षा में सम्मिलित होने आए अभ्यर्थियों से संवाद स्थापित कर उनकी सुविधाओं एवं परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा जारी समस्त दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तहसील मोहम्मदाबाद गोहना स्थित संत गणि नाथ पीजी कॉलेज एवं टाउन इंटर कॉलेज, मोहम्मदाबाद गोहना का निरीक्षण किया। इसके उपरांत उन्होंने जनपद मुख्यालय स्थित अन्य परीक्षा केंद्रों का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।