शनिवार, 6 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: चीती में भाकियू की महापंचायतनुमा बैठक, ग्रामीण समस्याओं के समाधान का भरोसा; चमन भाटी बने ग्राम अध्यक्ष!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: चीती में भाकियू की महापंचायतनुमा बैठक, ग्रामीण समस्याओं के समाधान का भरोसा; चमन भाटी बने ग्राम अध्यक्ष!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा (चीती), 6 जून 2026। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने और किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने के उद्देश्य से शनिवार को ग्राम चीती स्थित चौधरी शादीराम हवेली में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में क्षेत्र के किसानों, ग्रामीणों और भाकियू पदाधिकारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता धर्मवीर मास्टर ने की, जबकि संचालन नितिन भाटी ने किया।

बैठक में भारतीय किसान यूनियन गौतमबुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष अशोक भाटी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ दादरी जिलाध्यक्ष मनोज मावी, विपिन तंवर, सिंहराज गुर्जर, श्री पहलवान समेत संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। ग्रामीणों ने सभी अतिथियों का पुष्पमालाएं पहनाकर जोरदार स्वागत किया।

बैठक के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में लगातार बिजली कटौती, जर्जर एवं पुरानी विद्युत लाइनें, अनियमित विद्युत आपूर्ति, चीती गेट के सामने स्पीड ब्रेकर का अभाव तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं। किसानों और ग्रामीणों ने इन समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए भाकियू जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता की और समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई करने का आग्रह किया। अशोक भाटी ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन हमेशा किसानों और ग्रामीणों के हितों की लड़ाई मजबूती से लड़ती रही है और आगे भी किसानों की हर समस्या को प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संगठन ग्रामीणों की आवाज बनकर उनके अधिकारों और सुविधाओं के लिए लगातार संघर्ष करता रहेगा।

बैठक के दौरान संगठन विस्तार को भी गति दी गई। संगठन की मजबूती को देखते हुए चमन भाटी पुत्र शिवचरण भाटी को भारतीय किसान यूनियन का ग्राम अध्यक्ष, चीती नियुक्त किया गया। उनकी नियुक्ति पर ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने खुशी जताई। इसके अलावा संगठन की नीतियों और किसान हितैषी कार्यों से प्रभावित होकर दर्जनों लोगों ने भारतीय किसान यूनियन की सदस्यता ग्रहण की। पदाधिकारियों ने नए सदस्यों को संगठन की टोपी पहनाकर उनका स्वागत किया और किसान हितों के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।

बैठक को संबोधित करते हुए दादरी जिलाध्यक्ष मनोज मावी ने किसानों और कार्यकर्ताओं से आगामी हरिद्वार चिंतन शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि चिंतन शिविर किसानों की समस्याओं, संगठन की रणनीतियों और भविष्य की योजनाओं पर मंथन का महत्वपूर्ण मंच होगा। उनकी अपील पर उपस्थित किसानों और ग्रामीणों ने हाथ उठाकर हरिद्वार चिंतन शिविर में बढ़-चढ़कर भाग लेने का संकल्प लिया।

बैठक में फौजी रमेश भाटी, ओमप्रकाश भाटी, मास्टर महावीर सिंह, चौधरी शिवरतन, सतीश मुकदम, आजाद मुकदम, वीरेंद्र सिंह, देवेंद्र सिंह, सुंदर सिंह, योगेश भाटी, अनित भाटी, कुंवरपाल तेवतिया, बिने सिंह, ताराचंद, प्रदीप मावी सहित बड़ी संख्या में किसान, ग्रामीण और संगठन के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

भाकियू की इस बैठक को क्षेत्र में संगठनात्मक मजबूती, किसान एकजुटता और ग्रामीण समस्याओं के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है। किसानों ने उम्मीद जताई कि संगठन के प्रयासों से उनकी समस्याओं का जल्द समाधान होगा और क्षेत्र के विकास कार्यों को भी गति मिलेगी।।