गौतमबुद्धनगर: जनगणना 2027 में लापरवाही पर सख्ती: 1690 एचएलबी में आधा भी काम नहीं, 397 क्षेत्रों में 10 घरों का डेटा भी नहीं हुआ अपलोड!!
महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में उदासीनता बरतने वाले सुपरवाइजर और प्रगणकों पर एफआईआर व निलंबन की तैयारी
दो टूक//नोएडा/गौतमबुद्ध नगर। जनगणना 2027 के कार्य को समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पूरा कराने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जनगणना कार्य की समीक्षा के दौरान सामने आया है कि बड़ी संख्या में सुपरवाइजर और प्रगणक अपने दायित्वों का निर्वहन गंभीरता से नहीं कर रहे हैं, जिससे इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान की प्रगति प्रभावित हो रही है।
प्रशासन द्वारा जनगणना कार्य के लिए कुल 2284 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (HLB) बनाए गए हैं। इनमें कई सुपरवाइजर एवं प्रगणकों ने सराहनीय कार्य करते हुए जनगणना संबंधी डेटा संकलन और अपलोडिंग में उल्लेखनीय प्रगति की है। हालांकि, समीक्षा में यह भी पाया गया कि कुछ कार्मिकों ने अब तक कार्य के प्रति अपेक्षित रुचि और जिम्मेदारी नहीं दिखाई है।
आंकड़ों के अनुसार, 1690 एचएलबी ऐसे हैं जहां 50 प्रतिशत से भी कम सेंसस हाउस का डेटा सिंक किया गया है, जबकि 397 एचएलबी में 10 सेंसस हाउस से भी कम डेटा अपलोड हुआ है। प्रशासन ने इस स्थिति को बेहद चिंताजनक बताते हुए इसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य के प्रति गंभीर लापरवाही माना है।
अधिकारियों का कहना है कि जनगणना देश की विकास योजनाओं, संसाधनों के वितरण और नीतिगत निर्णयों की आधारशिला होती है। ऐसे में इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन सुपरवाइजरों और प्रगणकों द्वारा कार्य में लापरवाही बरती जा रही है, उनके खिलाफ जनगणना अधिनियम-1948 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कराने और निलंबन की कार्रवाई भी प्रस्तावित की जा रही है।
जनगणना अधिकारियों ने सभी सुपरवाइजरों और प्रगणकों को निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने क्षेत्रों का कार्य पूर्ण करते हुए डेटा को तत्काल सिंक करें, ताकि जनगणना 2027 का कार्य बिना किसी बाधा के सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आगे भी कार्य की लगातार निगरानी की जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
