गौतमबुद्धनगर: प्रेम प्रसंग के शक में Zudio स्टोर के बाहर बवाल: पत्नी को दोस्त संग देखकर भड़का पति, सड़क पर चला हाई-वोल्टेज ड्रामा!!
नोएडा। सेक्टर-49 स्थित हनुमान मंदिर के पास बने Zudio स्टोर के बाहर शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक पति ने अपनी पत्नी को उसके पुरुष मित्र के साथ खरीदारी करते हुए देख लिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि स्टोर के बाहर मारपीट, हंगामा और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई और सड़क पर यातायात भी प्रभावित हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक महिला अपने कथित मित्र के साथ स्टोर में खरीदारी कर रही थी। इसी दौरान उसका पति वहां पहुंच गया। बताया जा रहा है कि पति को पहले से दोनों के मिलने की जानकारी थी और वह उनका पीछा करते हुए नोएडा तक पहुंच गया। स्टोर के बाहर आते ही पति और पत्नी के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में हाथापाई में बदल गई।
आरोप है कि गुस्से में पति ने पत्नी के साथ मारपीट की, जिससे महिला को चेहरे और शरीर पर चोटें आईं। महिला द्वारा मदद की गुहार लगाए जाने पर आसपास मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप किया और उसे बचाने का प्रयास किया। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। कई राहगीर और वाहन चालक भी रुककर घटनाक्रम देखने लगे।
हंगामे के बीच महिला के साथ मौजूद उसका मित्र भीड़ का फायदा उठाकर वहां से निकल गया। वहीं पति और भीड़ के बीच भी कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पति द्वारा अभद्र व्यवहार किए जाने पर कुछ लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें स्टोर के बाहर एक व्यक्ति के साथ मारपीट होती दिखाई दे रही है।
सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-49 पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस महिला और उसके पति को थाने ले गई, जहां महिला की शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू की गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि पति-पत्नी के बीच पिछले करीब डेढ़ साल से विवाद चल रहा है। दोनों दिल्ली के सोनिया विहार क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं और उनके तीन बच्चे हैं। महिला पिछले डेढ़ वर्ष से पति से अलग रह रही थी। दोनों के बीच तलाक का मामला न्यायालय में विचाराधीन है।
थाना प्रभारी सेक्टर-49 ने बताया कि सार्वजनिक स्थान पर झगड़ा और मारपीट करने के मामले में पति तथा महिला के मित्र के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है। दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। वायरल वीडियो और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं दिनदहाड़े बाजार क्षेत्र में हुए इस हाई-वोल्टेज ड्रामे की चर्चा पूरे इलाके में बनी हुई है।।
