शनिवार, 6 जून 2026

लखनऊ : निजी संस्थान से 50 लाख की हुई धोखाधड़ी,बैंक कर्मचारियों पर आरोप, रिपोर्ट दर्ज।।||Lucknow: Private institution defrauded of ₹50 lakh; bank employees accused; report filed.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
निजी संस्थान से 50 लाख की हुई धोखाधड़ी,बैंक कर्मचारियों पर आरोप, रिपोर्ट दर्ज।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के तेलीबाग मे स्थित निजी संस्थान से धोखाधड़ी कर खातों से करीब 50 लाख रूपये निकाले जाने का मामला सामने आया है। संस्थान ने बैंक कर्मचारियों पर आरोप लगाते हुए पीजीआई थाने मे एफआईआर दर्ज करा रखी है।
विस्तार : 
मिली जानकारी के अनुसार निजी संस्थान  जावित्री हास्पिटल के चेयरमैन डॉ. ईश त्यागी ने एक्सिस बैंक के कुछ कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पीजीआई थाने मे लिखित शिकायत कर की ।
डॉ. त्यागी के अनुसार संस्थान के बैंक खातों से फर्जी चेकों के माध्यम से बड़ी रकम निकाली गई, जबकि संबंधित चेकबुक उनके पास सुरक्षित रखी हुई है। उनका कहना है कि बिना अधिकृत हस्ताक्षर और अनुमति के धनराशि निकाली गई, जिससे संस्थान को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पूरे मामले में बैंक कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध है और उनकी मिलीभगत के बिना इतनी बड़ी रकम का भुगतान संभव नहीं था।

मामले की जानकारी होने पर संस्थान प्रबंधन में हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

पीजीआई पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस बैंक खातों के लेन-देन, चेकों की सत्यता, हस्ताक्षरों के मिलान तथा बैंक अधिकारियों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। वहीं बैंक प्रबंधन से भी इस संबंध में जवाब मांगा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सभी दस्तावेजों और बैंक रिकॉर्ड की गहन जांच की जाएगी। यदि किसी कर्मचारी की संलिप्तता पाई जाती है तो उसके विरूद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला सामने आने के बाद संस्थान से जुड़े लोगों में चिंता का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।