गाज़ियाबाद: ओमकार हत्याकांड का 50 हजार का इनामी गौरव मुठभेड़ में गिरफ्तार, गंगनहर में शव फेंकने की कबूली साजिश!!
दो टूक//गाजियाबाद। लोनी थाना क्षेत्र के गनोली गांव के चर्चित ओमकार अपहरण एवं हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी गौरव को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। शनिवार तड़के निठौरा अंडरपास के पास हुई मुठभेड़ में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में दबोच लिया गया। फिलहाल उसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार शनिवार सुबह करीब 3:30 बजे क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को रोक लिया। मुठभेड़ के दौरान उसके दोनों पैरों में गोली लगी और वह मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गौरव के रूप में हुई है, जो ओमकार अपहरण एवं हत्याकांड में लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थीं।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने मामले से जुड़े कई अहम खुलासे किए हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक गौरव ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर ओमकार की हत्या की थी। हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने और पुलिस को गुमराह करने की नीयत से शव को गंगनहर में फेंक दिया गया था। आरोपी के बयान के आधार पर पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। अधिकारियों का कहना है कि गौरव के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है और उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है।
गौरतलब है कि ओमकार अपहरण एवं हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी थी। इस मामले में पहले भी कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, लेकिन मुख्य फरार आरोपियों में शामिल गौरव की गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों को कानून के दायरे में लाकर कठोर कार्रवाई की जाएगी।।
