मऊ :
मोहर्रम के जुलूस शांतिपूर्ण संपन्न कराने पर सीओ घोसी का किया गया सम्मान।
मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के सह प्रान्त संयोजक डॉ. अली जफ़र ने जताया आभार।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ मुस्लिम राष्ट्रीय मंच, गोरक्ष प्रान्त के सह प्रान्त संयोजक डॉ. अली जफ़र ने ताज़ियादार कमेटी के सदस्यों के साथ क्षेत्राधिकारी (सीओ) घोसी श्री जितेंद्र सिंह से शिष्टाचार भेंट कर मोहर्रम के जुलूसों एवं अन्य धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उन्हें अंगवस्त्र ओढ़ाकर एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया।
डॉ. अली जफ़र ने कहा कि श्री जितेंद्र सिंह के कुशल नेतृत्व, प्रशासनिक दक्षता, संवेदनशील कार्यशैली तथा बेहतर समन्वय के कारण पूरे क्षेत्र में मोहर्रम के सभी कार्यक्रम अत्यंत शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं भाईचारे के वातावरण में सम्पन्न हुए। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन ने पूरी मुस्तैदी, सतर्कता एवं समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया, जिससे अकीदतमंदों को अपने धार्मिक अनुष्ठान पूरी श्रद्धा एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न करने का अवसर मिला।
उन्होंने कहा कि सीओ जितेंद्र सिंह ने केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक स्वयं को सीमित नहीं रखा, बल्कि सभी समुदायों के लोगों, धर्मगुरुओं एवं ताज़ियादारों से लगातार संवाद स्थापित कर आपसी विश्वास और सौहार्द का वातावरण तैयार किया। उनकी दूरदर्शिता, निष्पक्ष कार्यशैली, त्वरित निर्णय क्षमता तथा जनसहभागिता के कारण मोहर्रम का पर्व पूरे क्षेत्र में शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ सम्पन्न हुआ, जो प्रशासन और समाज के बीच उत्कृष्ट समन्वय का उदाहरण है।
इस अवसर पर सीओ श्री जितेंद्र सिंह ने भी सभी धर्मगुरुओं, ताज़ियादारों, अंजुमनों, स्वयंसेवकों एवं क्षेत्रवासियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि प्रशासन और जनता के पारस्परिक सहयोग से ही बड़े धार्मिक आयोजन सफलतापूर्वक एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न होते हैं। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार सामाजिक सद्भाव, भाईचारे एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सभी से सहयोग की अपील की।
इस अवसर पर ताज़ियादार कमेटी के सदस्य एवं भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष जर्रार अली, मौलाना कौनैन अली, मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के सह प्रान्त संयोजक डॉ. अली जफ़र सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
