सोमवार, 29 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: दानवीर भामाशाह की जयंती पर उत्कृष्ट करदाताओं का सम्मान, विधायक तेजपाल नागर बोले— व्यापारी और उद्यमी ही गौतमबुद्धनगर की आर्थिक ताकत!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: दानवीर भामाशाह की जयंती पर उत्कृष्ट करदाताओं का सम्मान, विधायक तेजपाल नागर बोले— व्यापारी और उद्यमी ही गौतमबुद्धनगर की आर्थिक ताकत!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 29 जून 2026। दानवीर भामाशाह की जयंती के अवसर पर जनपद में "व्यापारी कल्याण दिवस" का भव्य आयोजन किया गया। जिला प्रशासन, राज्य कर विभाग एवं संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में सेक्टर-148 स्थित राज्य कर कार्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में दादरी विधायक तेजपाल नागर ने वर्ष 2025-26 के उत्कृष्ट करदाताओं को प्रतिष्ठित "भामाशाह पुरस्कार" से सम्मानित किया। कार्यक्रम में व्यापारियों, उद्यमियों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ प्रशासनिक अधिकारियों ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक तेजपाल नागर ने अपने संबोधन में कहा कि गौतमबुद्धनगर प्रदेश की आर्थिक राजधानी के रूप में तेजी से उभर रहा है और इसमें यहां के व्यापारियों एवं उद्यमियों की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि दानवीर भामाशाह का जीवन समाज सेवा, राष्ट्र निर्माण और आर्थिक सहयोग की अद्भुत मिसाल है। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर प्रत्येक व्यापारी और उद्योगपति को राष्ट्र एवं प्रदेश के विकास में अपनी भागीदारी निभानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि करदाता केवल सरकार को राजस्व नहीं देते, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए मजबूत आर्थिक आधार भी तैयार करते हैं। इसलिए ईमानदार करदाताओं का सम्मान पूरे समाज का सम्मान है।

कार्यक्रम में वर्ष 2025-26 के दौरान विभिन्न टर्नओवर श्रेणियों में सर्वाधिक कर जमा करने वाले प्रतिष्ठानों एवं व्यापारियों को भामाशाह पुरस्कार प्रदान किए गए। सम्मानित होने वालों में एम/एस पैजेट इलेक्ट्रॉनिक्स प्राइवेट लिमिटेड, एम/एस सैमसंग डिस्प्ले नोएडा प्राइवेट लिमिटेड, एम/एस ईस्ट वेस्ट सॉफ्टटेक प्राइवेट लिमिटेड, एम/एस एलीवर डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड, एम/एस लॉन्गचियर मोबाइल (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड, एम/एस सिंगला ऑटो एजेंसीज, एम/एस बिंदल टेक्नोपॉलिमर प्राइवेट लिमिटेड, एम/एस नॉर्मेट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, एम/एस मैक्स स्क्वायर लिमिटेड, एम/एस प्लैनेट कास्ट टेक्नोलॉजीज लिमिटेड, एम/एस फेनो ऑर्गेनिक, एम/एस स्केल्टन कंसल्टेंट्स प्राइवेट लिमिटेड तथा एम/एस ज्योति अरोड़ा शामिल रहे।

इस अवसर पर एडिशनल कमिश्नर राज्य कर संदीप भागिया ने जनपद के व्यापारियों और उद्योगपतियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में सर्वाधिक जीएसटी संग्रह गौतमबुद्धनगर से होता है, जो जनपद की मजबूत औद्योगिक एवं व्यावसायिक पहचान का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों द्वारा जमा किया गया कर प्रदेश के विकास की रीढ़ है और राज्य कर विभाग व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उन्होंने उपस्थित उद्यमियों एवं व्यापारियों को राज्य कर विभाग की कार्यप्रणाली, जीएसटी व्यवस्था तथा व्यापारियों के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही आश्वस्त किया कि उद्योग एवं व्यापार से जुड़े किसी भी प्रकार के मुद्दे का त्वरित समाधान विभाग की प्राथमिकता रहेगा।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अजीत कुमार सिंह, एडिशनल कमिश्नर राज्य कर संदीप भागिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, व्यापारी संगठनों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में उद्यमी उपस्थित रहे। व्यापारिक संगठनों की ओर से विकास जैन, सुरेंद्र नाहटा, एल.बी. सिंह, संजीव शर्मा, अमित उपाध्याय, वीर शेखर चौधरी, मुकेश कक्कड़ सहित अनेक प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

समारोह के दौरान वक्ताओं ने दानवीर भामाशाह के जीवन एवं योगदान का स्मरण करते हुए उन्हें राष्ट्रभक्ति, उदारता और आर्थिक सहयोग का प्रतीक बताया तथा समाज से उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का उद्देश्य व्यापारियों और उद्यमियों का सम्मान करने के साथ-साथ कर भुगतान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा शासन और व्यापारिक समुदाय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा।।